भाजपा की भारी बढ़त पर प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य खुश कहा, यह मोदी की जीत

Update: 2017-03-11 15:00 GMT
भारतीय जनता पार्टी की भारी बढ़त पर खुशी जताते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य।

लखनऊ (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की शनिवार को जारी मतगणना के रूझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भारी बढ़त पर खुशी जताते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत है। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश की जनता के इस आशीर्वाद के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं।

चुनाव से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

लखनऊ में पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उप्र में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की थी। इसका परिणाम अब दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा, "हमने पहले ही कहा था कि इस बार 2014 के लोकसभा चुनाव का इतिहास दोहराया जाएगा और उत्तर प्रदेश में भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी। मैं अब कह सकता हूं कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को बड़ी जीत मिलेगी।"

राज्य में मुख्यमंत्री के सवाल पर मौर्य ने कहा कि इसका फैसला केंद्रीय संसदीय बोर्ड करेगा।

राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से 402 के रूझान उपलब्ध हैं, जिनके अनुसार, भाजपा 296 सीटों पर आगे है, जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन को 69 सीटों पर आगे है। वहीं, बसपा 15 सीटों पर आगे है।

Similar News