यूपी विधानसभा चुनाव: तीसरे चरण में कई दिग्गजों का ‘लिटमस टेस्ट’

Update: 2017-02-18 17:12 GMT
तीसरे चरण के चुनाव के लिए विभिन्न जिले के मुख्य केंद्रों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया है।

लखनऊ। तीसरे चरण के चुनाव के लिए विभिन्न जिले के मुख्य केंद्रों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया है। हजारों मतदान कर्मी अपने अपने पोलिंग स्टेशन पर पहुंचना शुरू हो गए हैं। इस राउंड न केवल उम्मीदवारों बल्कि उस क्षेत्र के दिग्गज सांसदों और मंत्रियों की इज्जत भी दांव पर लगी हुई है।

तीसरे चरण का मतदान:  रवानगी से पहले ईवीएम चेक करते मतदान कर्मी। फोटो- भारती सचान

यादव परिवार की बहू अर्पणा यादव और बेटे अनुराग यादव लखनऊ की अलग अलग सीटों पर हैं। कांग्रेस से भाजपा में आईं रीता जोशी हैं। कानपुर में अजय कपूर, स्नेहलता कटियार और इरफान सोलंकी जैसे बड़े नाम हैं। नरेश अग्रवाल के सामने गढ़ बचाने की चुनौती है, उनके बेटे नितिन अग्रवाल चुनावी मैदान में हैं। कन्नौज से सांसद सीएम अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव हैं। इसलिए यहां के उम्मीदवारों की जीत हार से सीधे उनकी प्रतिष्ठा जुड़ गई है। मैनपुरी से मुलायम सिंह यादव सांसद हैं। जबकि बाराबंकी मे मंत्री अरविंद सिंह गोप रामनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

तीसरे चरण में फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी और सीतापुर जिले की 69 सीटों पर 19 फरवरी को वोट पडेंगे। वर्ष 2012 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में सपा ने इन 69 में से 55 सीटें जीती थीं। वहीं बसपा को छह और भाजपा को पांच सीटें मिली थीं। जबकि कांग्रेस के खाते में दो सीटें और एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी को हासिल हुई थीं।

तीसरे चरण का मतदान: कानपुर देहात में ईवीएम चेक करते मतदानकर्मी। फोटो- भारती सचान 

Similar News