तीन करोड़ वोट पाने वाले के सिर सजेगा सत्ता का ताज

Update: 2017-03-06 20:37 GMT
भाजपा के अलावा सपा-कांग्रेस गठबंधन और बसपा के बीच इसी तीन करोड़ वोटों की लड़ाई है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2007 और 2012 की पिछली दो सरकारों के दौरान 29 और 30 फीसदी वोट पाने वाले राजनैतिक दलों ने सरकार बना ली। प्रदेश में इस बार करीब 60 फीसदी मतदान हो रहा है। ऐसे में लगभग 15 करोड़ में से लगभग नौ करोड़ मतदाताओं के वोट पड़ने की उम्मीद की जा रही है। फिलहाल अब तक आठ करोड़ वोट डाले जा चुके हैं। ऐसे में साढ़े तीन करोड़ वोट पाने वाले गठबंधन या राजनैतिक दल को प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का मौका मिलेगा। भाजपा के अलावा सपा-कांग्रेस गठबंधन और बसपा के बीच इसी तीन करोड़ वोटों की लड़ाई है।

लखनऊ विश्वविद्यालय में राजनैतिक शास्त्र के प्रोफेसर मनोज दीक्षित ने बताया कि, सभी बड़े दलों के पास लगभग 20 फीसदी का एकमुश्त वोट है। मगर राजनैतिक हवा के हिसाब से अपने खुद के वोट के अलावा जिस ओर आठ से दस फीसदी की बढ़त हो जाती है, वह चुनाव जीत जाता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही होगा। ये तय है कि 60 फीसदी के लगभग वोटिंग बता रही है कि पूर्ण बहुमत की ही सरकार आएगी।

2007 और 2012 में भी कुल पड़े वोट का 30 फीसदी ने पहनाया ताज

2007 के आंकड़े को देखें तब बसपा ने 30.43 फीसदी वोट लेकर 206 सीटें जीत कर मायावती प्रदेश की मुख्यमंत्री बनी थीं। सपा को करीब 26 फीसदी वोट मिले मगर सीटें 96 सीटें मिली थीं। जबकि 2012 में सपा को 29 फीसदी से कुछ ज्यादा वोट मिले थे और उसने 224 सीटें जीती थीं। जबकि करीब 26 फीसदी सीटें लेकर बसपा ने 80 सीटें जीतीं थीं।

चुनाव से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

भाजपा को बहुमत के लिए दोगुना करना होगा वोट फीसदी

भाजपा को बहुमत प्राप्त करने के लिए अपने वोट फीसदी में दोगुना इजाफा करना पड़ेगा। 2007 और 2012 दोनों ही चुनाव में बीजेपी को करीब 15 फीसदी वोट मिला। मगर 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने रिकार्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए 43 फीसदी वोट पाये थे। मगर विधानसभा में अपना प्रदर्शन को दोगुने स्तर तक सुधारने की भाजपा के सामने चुनौती होगी।

2012 में प्रदेश के प्रमुख राजनैतिक दलों के वोटों गणित

राजनैतिक दल चुनाव लड़ा   जीतीं   वोट फीसदी

  • समाजवादी पार्टी 401   224   29.15
  • बहुजन समाज पार्टी   403   80   25.91
  • भारतीय जनता पार्टी 398   47   15.00
  • कांग्रेस   355   28   11.63
  • रालोद   46   09   02.33

2007 में प्रदेश के प्रमुख राजनैतिक दलों के वोटों गणित

राजनैतिक दल   चुनाव लड़ा   जीतीं   वोट फीसदी

  • बहुजन समाज पार्टी 403   206   30.43
  • समाजवादी पार्टी 393   97   25.43
  • भारतीय जनता पार्टी 350   51   16.00
  • कांग्रेस   393   22   08.61
  • रालोद   254   10   03.13

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Similar News