सपा सरकार में 161 फीसदी बढ़े यूपी में बलात्कार : स्मृति ईरानी

Update: 2017-02-04 20:34 GMT
स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री। फोटो- महेंद्र पांडेय

लखनऊ। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सपा सरकार पर तीखे हमले किये। ईरानी ने कहा कि उप्र में पांच साल में बलात्कार के मामलों में 161 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। ये नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो का आंकड़ा है। जबकि हालत ये है कि रिचार्ज करने वाले लड़कियों के नंबर बेचते हैं। पुलिस केवल एडवाइजरी जारी करती है।

शनिवार को बीजेपी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता स्मृति ईरानी ने कहा कि महिलाएं मुद्दों के आधार पर राजनीति से जबाव चाहती हैं। महिलाओं के गाथाओं को गाने वाले उप्र में महिला थाने में शिकायत करने जाती है तो उसके साथ बलात्कार होता है। बेटियों को लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। वहीं लक्ष्मी सरस्वती के मंदिर में जाने से हिचकिचाती है क्यों कि लड़के उसे परेशान करते हैं। केन्द्र सरकार ने स्वछता अभियान के तहत यूपी को 900 करोड़ से ज्यादा रूपये दिये लेकिन यूपी सरकार केन्द्र का पैसा भी नहीं खर्च कर पायी। शौचालय का निर्माण स्वच्छता से अधिका सुरक्षा का मसला है।

भारतीय जनता पार्टी उ0प्र0 में सभी महिलाओं को आश्वस्त करती है कि भाजपा की सरकार बनते ही पार्टी महिला सशक्तिकरण, सम्मान, सुरक्षा और उनकी गारिमा को बहाली के लिए समर्पित होकर कार्य करेगी। पुलिस बल में केवल 4.5 प्रतिशत महिलाएं हैं और नेशनल क्राइम ब्यूरो के रिकार्ड में महिलाओं के खिलाफ अपराध में उप्र सबसे ऊपर है। 2010 से 2015 के बीच महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या में 61 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

अखिलेश शासनकाल में बलात्कार के मामलों में 161 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। नारी सशक्तिकरण के लिए भाजपा ने अपने लोक कल्याण संकल्प पत्र के माध्यम से अपने संकल्प व प्राथमिकताएं बताई है। महिला उत्पीड़न के मामलों के लिए 1000 महिला अफसरों का विशेष जांच विभाग और 100 फास्ट टैक कोर्ट स्थापति किये जायेंगे। प्रदेश के हर जिले में 3 महिला पुलिस स्टेशन स्थापित किये जायेगे। कालेज जाते समय छात्राओं की छेड़खानी से निपटने के लिए हर कालेज के नजदीकी पुलिस थाने में एंटी रोमियो दल बनाया जायेगा।

उन्होंने कहा कि आज 1090 का तो यह हाल है कि अखबारों में खबर है कि लड़कियों के नम्बर बेचे जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आने पर सभी लड़कियों की अहिल्याबाई कन्या निःशुल्क शिक्षा योजना के तहत ग्रेजुएट स्तर तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान करेगी। भाजपा यह मानती है कि ग्रामीण विकास व स्वस्थ समाज के लिए आंगनबाड़ी कर्मी व आशा बहू एक महत्वपूर्ण कड़ी है और वर्तमान में आंगनबाड़ी सहायिकाओं, आंगनबाडी कार्यकत्रियों व आशा बहुओं के मानदेय व सेवा शर्तों में सुधार अति आवश्यक है। भाजपा सत्ता में आते ही एक समिति गठित कर 120 दिनों में रिपोर्ट के आधार पर मानदेय में उचित बढ़ोत्तरी करेगी। केन्द्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना के तहत देश की बेटिया पहले से ही लाभांवित हो रही है।

Similar News