यूपी : चुनावी तैयारियों की कसरत में जुटीं पार्टियां 

Update: 2016-10-24 10:41 GMT
सपा और कांग्रेस के बाद भाजपा भी अब अपनी परिवर्तन रैली शुरू करने जा रही है।

लखनऊ (आईएएनएस/आईपीएन)। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव राजनीतिक दलों से अभी से कसरत करा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP), बहुजन समाज पार्टी (BSP), समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दल अपने-अपने ढंग से चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।

सपा और कांग्रेस के बाद भाजपा भी अब अपनी परिवर्तन रैली शुरू करने जा रही है। BSP अध्यक्ष मायावती भी प्रदेश के कई कोनों में बीते दिनों चुनावी रैलियां आयोजित कर चुकी हैं। BSP की चुनावी कसरत पर यदि चर्चा करें तो BSP पहले चरण में विधानसभा स्तरीय 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन' आयोजित कर चुकी है। दूसरे चरण में BSP का विधानसभा स्तरीय सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ।

उधर, BJP के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि 5 नवंबर से BJP अपनी परिवर्तन यात्रा लेकर निकलने जा रही है। उन्होंने बताया कि BJP की 4 परिवर्तन यात्राएं अलग-अलग दिनों में निकलेंगी जो प्रदेश की समस्त 403 विधानसभा सीटों से होकर गुजरेंगी। BJP अपनी इन यात्राओं के माध्यम से प्रदेश सरकार की नाकामियों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखेगी।

इसी तरह कांग्रेस ने अपनी 27 साल यूपी बेहाल यात्रा के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में अपनी किसान यात्रा पर अपनी चुनावी कसरत की। वहीं अब कांग्रेस पार्टी राहुल संदेश यात्रा पर कसरत कर रही है। सूबे के सत्ताधारी दल समाजवादी पार्टी भी दो चरणों में मुलायम संदेश यात्रा पर अपनी चुनावी कसरत कर चुकी है। वहीं आगामी दिनों में सपा तीसरे चरण की मुलायम संदेश यात्रा वाराणसी से निकालने जा रही है।

Similar News