पुलिस ने छेड़ा अवैध हथियार पकड़ने का अभियान

Update: 2017-01-14 19:00 GMT
प्रतीकात्मक फोटो।

मुजफ्फरनगर (भाषा)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू करते हुए पुलिस ने आज कहा कि उसने ऐसे लोगों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई है।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि यह कदम बृहस्पतिवार को शामली जिले के खुरगान तथा दाभेदी गांवों से एक करोड़ रुपये मूल्य की 453 पिस्तौलों को बरामद होने के बाद उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक अजयपाल शर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से मोतीराम नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया तथा छह अन्य फरार हैं। आरोपियों पर रासुका लगाया जाएगा।

एक अन्य घटना में पुलिस ने कल यहां के काकरा गांव में अवैध हथियार बनाने वाली एक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया तथा नौ पिस्तौल बरामद कीं। थाना प्रभारी एससी राठौड़ ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन उसका साथी भागने में सफल हो गया।

Similar News