योग से सुधर सकती है कैंसर से मुक्ति पाने वालों की जिंदगी: अध्ययन

Update: 2016-06-07 05:30 GMT
गाँव कनेक्शन

न्यूयॉर्क (भाषा)। कैंसर से मुक्ति पाए हुए लोग अगर नियमित योग करतें हैं तो वे बेहतर नींद ले सकते हैं और उनकी जिंदगी में भी सुधार होता है।

अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ रोसेस्टर के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में पाया कि जो लोग एक महीने तक सप्ताह में 75 मिनट योग करते हैं वो कम थकते हैं और उनकी सामाजिक, शारीरिक और भावनात्मक स्थिति बेहतर होती है। वैज्ञानिकों ने 54 साल की औसत उम्र वाली 245 ऐसी महिलाओं पर अध्ययन किया जिनके स्तन कैंसर का उपचार हुआ था।

समाचार पत्र ‘द टेलीग्राफ' के अनुसार इन महिलाओं ने उपचार के बाद नींद में लगातार दुश्वारी आने का अनुभव किया था। शोधकर्ताओं ने महिलाओं से उनकी उर्जा एवं दर्द के स्तर, नींद, सामाजिक मेल-मिलाप, मानसिक स्थिति और काम करने की क्षमता के बारे में जानकारी ली और बाद में इनको दो समूहों में बांट दिया।

एक समूह में 123 महिलाओं को रखा गया और उनको कैंसर से मुक्त लोगों के लिए योग पाठ्यक्रम ‘योकैस' से जोड़ा गया। दूसरे समूह में शामिल महिलाओं ने योग नहीं किया। योग पाठ्यक्रम में प्राणायम, विपश्यना और 18 हठ तथा दूसरे अभ्यास शामिल थे। एक महीने बाद सभी महिलाओं से उनकी जीवनशैली के बारे में पूछा गया। योग करने वाले समूह में शामिल महिलाओं ने बेहतर नींद और थकावट में कमी की बात स्वीकार की।

Similar News