गाँव में रहते हैं तो क्या हुआ? आपके नाम असाधारण उपलब्धियाँ हैं तो कर दीजिए पद्म पुरस्कार के लिए खुद का नामांकन, सिफारिशें शुरू हो गई हैं

पद्म पुरस्कार यानी पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री, देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से हैं; 1954 से हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर इनकी घोषणा की जाती है।

Update: 2024-05-02 05:32 GMT

गणतंत्र दिवस, 2025 के मौके पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कार के लिए ऑनलाइन नामांकन / सिफारिशें शुरू हो गई हैं।

पद्म पुरस्कारों के नामांकन की अंतिम तारीख 15 सितंबर, 2024 है। इन पुरस्कारों के लिए नामांकन/सिफारिशें राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार पोर्टल https://awards.gov.in पर ऑनलाइन ले सकते हैं।

पद्म पुरस्कार, यानी पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मानों में शामिल हैं। साल 1954 से शुरू, इन पुरस्‍कारों की घोषणा हर गणतंत्र दिवस के मौके पर की जाती है।

इन पुरस्कारों के तहत ‘उत्‍कृष्‍ट कार्य’ के लिए सम्मानित किया जाता है।

पद्म पुरस्कार कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान और इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग आदि जैसे सभी क्षेत्रों/विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा के लिए दिए जाते हैं।

खास बात ये है कि जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पात्र है।

चिकित्सकों और वैज्ञानिकों को छोड़कर अन्य सरकारी सेवक, जिनमें सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले सरकारी सेवक भी शामिल हैं, वे पद्म पुरस्‍कारों के पात्र नहीं हैं।

सरकार की कोशिश पद्म पुरस्कारों को “पीपल्स पद्म” बनाने की रही है। इसलिए सभी नागरिकों से सरकार ने अपील किया है कि वे नामांकन/सिफारिशें करें।

नागरिक खुद को भी नामित कर सकते हैं। महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों, दिव्यांग व्यक्तियों और समाज के लिए निस्वार्थ सेवा कर रहे लोगों में से ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के ठोस प्रयास किए जा सकते हैं जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां वास्तव में पहचाने जाने योग्य हैं।

नामांकन/सिफारिशों में पोर्टल पर मौजूद प्रारूप के अनुसार सभी प्रासंगिक जानकारी शामिल होनी चाहिए, जिसमें वर्णनात्मक रूप में एक उद्धरण अधिकतम 800 शब्द में होना चाहिए।

साथ में अनुशंसित व्यक्ति की संबंधित क्षेत्र में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों का स्पष्ट रूप से उल्लेख होना चाहिए।

इस संबंध में पूरी जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट (https://mha.gov.in) पर ‘पुरस्‍कार और पदक’ शीर्षक के तहत और पद्म पुरस्‍कार पोर्टल (https://padmaawards.gov.in) पर मौजूद हैं।

इन पुरस्कारों से संबंधित सभी जानकारी और नियम आप वेबसाइट पर देख सकते हैं। 

Similar News