इसरो चेयरमैन का ऐलान- अंतरिक्ष में अपना स्‍पेश स्‍टेशन बनाएगा भारत

Update: 2019-06-13 13:04 GMT

लखनऊ। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चेयरमैन डॉ. के सिवन ने कहा है कि भारत अब अपना स्पेस स्टेशन बनाएगा। इसरो इस योजना पर काम कर रहा है। सिवन ने बताया कि हमें मानव अंतरिक्ष मिशन के लॉन्च के बाद गगनयान कार्यक्रम को लगातार बनाए रखना है, इसलिए हमें अपने स्पेस स्टेशन की जरूरत है। इसे यह गगनयान मिशन का अगला स्टेप कहा जा रहा है।

इसरो प्रमुख ने कहा कि भारत दिसंबर 2021 तक तीन भारतीयों को अंतरिक्ष में भेजेगा। इसके लिए गगनयान प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है। भारतीय वायुसेना को यह जिम्‍मेदारी दी गई है कि वो 10 अंतरिक्ष यात्रियों को अगले दो महीने में खोजे। इसके बाद इसरो उनमें से तीन का चयन करेगा। यही तीन अंतरिक्ष यात्री स्पेस में जाएंगे।

डॉ. सिवन का कहना है कि अगर गगनयान मिशन निर्धारित समय में पूरा हुआ तो भारत दुनिया का चौथा ऐसा देश होगा जो अपने बल पर अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेस में भेजेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गगनयान प्रोजेक्ट की घोषणा पिछले साल की थी। इसरो 15 जुलाई को चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग करेगा।

स्पेस स्टेशन को ऑर्बिटल स्टेशन भी कहते है। इसमें अंतरिक्ष यात्र‍ियों के रहने की व्‍यवस्‍था होती है। इसमें कोई अंतरिक्ष यान जाकर जुड़ भी सकता है। इसे पृथ्वी की लो-ऑर्बिट कक्षा में ही स्थापित किया जाता है। अंतरिक्ष में स्पेस स्टेशन इसलिए बनाया गया है ताकि वैज्ञानिक लंबे समय तक अंतरिक्ष में काम कर सकें।  

Similar News