सहारनपुर में बेनकाब हुए कई चेहरे : शलभ मणि त्रिपाठी 

Update: 2017-05-27 17:13 GMT
सहारनपुर में पीड़ितों से मिलते राहुल गांधी। फोटो: साभार एएनआई

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने पाबंदी के बावजूद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सहारनपुर जाने को नकारात्मक राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद यूपी चुनाव में हुई करारी हार और महज दो महीने में योगी आदित्यनाथ सरकार के शानदार कामों से विपक्ष बौखला गया है। माहौल बिगाड़ने के लिए तमाम हथकंडे अपना रहा है।

देश से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

त्रिपाठी ने कहा कि यूपी में बीजेपी की सरकार बने महज दो महीने ही हुए हैं पर बुरी तरह हताश विपक्ष भड़काऊ बयानों और गतिविधियों के सहारे प्रदेश को बाँटने की कोशिश में जुट गया है। बीएसपी प्रमुख मायावती के सहारनपुर दौरे के बाद बिगड़ा माहौल और इसके बावजूद अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सहारनपुर जाने की कोशिश इसी बात का उदाहरण है। सहारनपुर की घटना में शुरूआती जांच के बाद सामने आ रही रिपोर्ट भी इशारा कर रही है कि कुछ लोग प्रदेश के तमाम हिस्सों में जानबूझकर गड़बड़ी फैलाने की साजिश कर रहे हैं, पुखता सबूत हाथ लगते ही प्रदेश सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। इस घटना के पीछे के कई चेहरे जनता की नजर में बेनकाब हुए हैं।

ये भी पढ़ें: सहारनपुर हिंसा : कमेटी बनाकर तनाव खत्म करने का प्रयास

शलभमणि त्रिपाठी ने कहा कि दरअसल यूपी की योगी आदित्यनाथ जी सरकार जिस मेहनत और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है, उससे विपक्षी दल घबरा गए हैं और इन दलों के भविष्य पर राजनीतिक संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद भी ऐसी नकारात्मक राजनीति की कोशिश हुई थी लेकिन देश की जनता ने ऐसी राजनीति को नकार दिया और उत्तर प्रदेश में तो विपक्षी दलों को ऐसी हालत में पहुँचा दिया कि आज ये दल हताशा की हालत में हैं।

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Similar News