नागरिकता कानून: यूपी में भी प्रदर्शन, अलीगढ़-मेरठ में इंटरनेट सेवा बंद

Update: 2019-12-16 06:45 GMT
लखनऊ के नदवा कॉलेज के गेट पर मौजूद पुलिस और कैंपस में छात्र। फोटो- ANI

नागरिकता संशोधन कानून का विरोध दिल्‍ली के बाद उत्‍तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। यूपी के मेरठ सहारनपुर और अलीगढ़ में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश वासियों से शांति और सौहार्द की अपील की है।

दिल्ली के जामिया इलाके में हिंसक प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में भी नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में रविवार शाम को छात्रों ने प्रदर्शन किया, इस दौरान पथराव भी किया गया। इसके बाद पुलिस की ओर से भी आंसू गैस के गोले दागे गए हैं।

एएमयू में हुई घटना पर उत्‍तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने कहा है, ''जामिया की घटना के बाद अफवाहें थीं और एएमयू के छात्र एकत्र हुए थे। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की और उन्हें निर्देश दिया कि वे परिसर से बाहर न निकलें, लेकिन छात्र पत्‍थराव करने लगे। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, कम से कम 16-17 पुलिस कर्मियों को चोटें आईं हैं, मामला दर्ज किया गया। स्थिति नियंत्रण में है।'' डीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि एएमयू को खाली कराया जा रहा है, खास तौर से छात्रावास को।

वहीं, लखनऊ के नदवा कॉलेज में भी छात्रों ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन किया और पत्‍थराव भी किया गया। इसके बाद पुलिस ने कॉलेज के गेट को बाहर से बंद कर दिया। लखनऊ के एसपी कलानिध‍ि नैथानी ने कहा कि ''लगभग 30 सेकंड के लिए पथराव हुआ था जब लगभग 150 लोग विरोध करने और नारे लगाने के लिए सामने आए थे। स्थिति अब सामान्य है।''

इस पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ऑफिस की तरफ से बयान जारी किया गया है। सीएम ने शांति और सौहार्द की अपील करते हुए कहा, 'नागरिकता संशोधन कानून के बारे में अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए, यह भी महत्वपूर्ण है कि सभी नागरिक कानूनों का पालन करें।' 

Similar News