100 करोड़ के क्लब में शामिल हुई ‘ऐ दिल है मुश्किल’ 

Update: 2016-11-03 15:49 GMT
करन जौहर की फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ का पोस्टर।

मुंबई (भाषा)। फिल्म निर्माता करण जौहर की फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल' ने दुनियाभर में प्रदर्शित होने के एक सप्ताह के दौरान 100 करोड़ रुपए का कारोबार किया है।

इस फिल्म को प्रदर्शित होने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म 28 अक्तूबर को रिलीज हुई थी। फिल्म ने देशभर के सिनेमाघरों से 74.01 करोड़ रुपए जुटाए, जबकि विदेशों में रिलीज करने से फिल्म ने 70 लाख डालर (47 करोड़ रुपए) एकत्रित किए।

फॉक्स स्टार स्टूडियो के मुताबिक इस मार्केटिंग और वितरण को मिलाकर इस फिल्म की कुल लागत करीब 100 करोड़ रुपए थी। जबकि फिल्म के संगीत, सेटेलाइट और डिजिटल वितरण से 75 करोड़ रुपए जुटा लिए गए। शेष 25 करोड़ रुपए की राशि देश के सिनेमाघरों से जुटाई गई।

उन्होंने बताया, ‘‘हम बहुत अचंभित हैं कि दर्शकों ने इसे दीवाली की एक सफल फिल्म बना दिया और केवल छह दिनों में फिल्म ने देश में 74.01 करोड़ रुपए का कारोबार किया।''

फॉक्स स्टार स्टूडियो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने एक बयान में कहा, ‘‘विदेशों में भी फिल्म ने अच्छा कारोबार किया है। धर्मा प्रोडक्शन के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है, कि उसकी फिल्म ने यहां बहुत अच्छा कारोबार किया।''

हालांकि रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा की फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल' के साथ रिलीज होने वाली अजय देवगन की फिल्म ‘शिवाय' इस अवधि में मात्र 64.36 करोड़ रुपए का कारोबार ही कर सकी। उन्होंने बताया, ‘‘शिवाय एकल सिनेमाघरों में अच्छा कारोबार कर रही है, जबकि ‘ऐ दिल है मुश्किल' मल्टीप्लैक्स सिनेमाघरों में छाई हुई है।''


Similar News