तैमूर पर ट्रोलिंग करने वालों पर बरसे ऋषि कपूर कहा, अपना काम करो

Update: 2016-12-22 17:48 GMT
करीना कपूर खान।

मुंबई (भाषा)। अभिनेता ऋषि कपूर (64 वर्ष) अपनी भतीजी करीना कपूर खान और सैफ अली खान के बच्चे ‘तैमूर' के नाम को लेकर ट्विटर पर हो रही ट्रोलिंग से नाराज हो गए। तैमूर के नाम की आलोचना करने वाले लोगों पर भड़कते हुए ऋषि ने कहा कि स्टार दंपति अपने नन्हे बच्चे का नाम क्या रखते हैं, इससे किसी को कोई मतलब नहीं होना चाहिए।

जैसे ही सैफ और करीना ने अपने बच्चे का नाम ‘तैमूर अली खान पटौदी' रखने की घोषणा की, सोशल मीडिया पर इस नाम को चुनने को लेकर सवाल खड़े करते हुए ट्रोलिंग होने लगी।

ऋषि ने इसकी आलोचना करते हुए ट्वीट किया, ‘‘लोगों को आखिर क्या परेशानी है कि कोई माता पिता अपने बच्चे का नाम क्या रखते है? कृपया बख्श दें और अपने काम से मतलब रखें। इससे आपका कोई वास्ता नहीं है। यह बच्चे के माता पिता की इच्छा है।'' ऋषि ने लिखा, ‘‘एलेक्जेंडर या सिकंदर कोई संत नहीं था। ये नाम दुनिया में बहुत आम है अपना काम करो ना तुम। तुमको क्या तकलीफ है?''

अभिनेता ऋषि कपूर (64 वर्ष) की भतीजी करीना कपूर खान।

सोशल मीडिया पर बच्चे के नाम को लेकर बेकार की टिप्पणियों की बाढ़ और लोगों के 14वीं सदी के मंगोल आक्रमणकारी से बच्चे के नाम की तुलना कर अपनी नाराजगी जताते हुए अभिनेता ऋषि कपूर आक्रोशित हो गए।

करीना के पिता रणधीर कपूर के भाई ऋषि ने कहा कि अगर इस तरह की टिप्पणियां लगातार होती रहीं तो वे ऐसे लोगों को ब्लॉक करना शुरू कर देंगे।

उन्होंने लिखा, ‘‘अगर अब इस तरह की कोई दलील दी जाती है तो कई लोगों को ब्लॉक कर दिया जाएगा। अपनी बकवास बंद करें।'' उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे पूर्वज क्या महसूस करते होंगे, इसे छोड़िए, आप अपने काम से मतलब रखिए।''

करीना ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में मंगलवार को बच्चे को जन्म दिया। ऋषि ने कल बॉलीवुड के इस शाही जोड़े को शुभकामना देते हुए ट्विटर पर पोस्ट किया था।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘करीना और सैफ को शुभकामनाएं। उन्हें एक ओजस्वी संतान मिली है, मां और बच्चा दोनों ही स्वस्थ हैं। आप सभी की शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया। मैं उन तक आपका शुक्रिया पहुंचा दूंगा।''

Similar News