Exotic Vegetables की खेती से पूरे साल कमाई, जानिए आप भी कैसे कर सकते हैं?

Jul 30, 2026, 15:12 IST
Share

क्या किसान सिर्फ 2.5 एकड़ से 20 लाख तक की कमाई कर सकता है? ऐसा ही करते हैं लखनऊ के किसान रमेश वर्मा। वो सिर्फ एक्जॉटिक वेजिटेबल की खेती करते हैं, और हर रोज पत्ती बेचकर पैसा कमाते हैं। खेत में सब्जियां लगाते हैं वो भी महंगी वाली। होटलों में सब्जियां बेचते हैं और हर रोज पैसा कमाते हैं।छोटे किसान ऐसे ही सब्जियां बेच कर आमदनी कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश के किसान रमेश वर्मा ने मात्र ढाई एकड़ भूमि पर खेती का ऐसा मॉडल विकसित किया है, जिसमें पारंपरिक फसलों की बजाय एग्जॉटिक सब्जियों, सलाद पत्तों और हर्ब्स की खेती से पूरे साल नियमित आमदनी होती है। वे कड़ी पत्ता, लेमन ग्रास, बेसिल, रोजमेरी, थाइम, रॉकेट अरुगुला, विभिन्न प्रकार के सलाद पत्ते, स्प्रिंग अनियन, केले के पत्ते, अपराजिता और अन्य फसलों की खेती करते हैं। उनका मानना है कि कम मात्रा में कई तरह की फसलें उगाने से बाजार में लगातार मांग बनी रहती है और दाम भी अच्छे मिलते हैं। वे अपनी उपज सीधे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य ग्राहकों तक पहुंचाते हैं, इसलिए बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहते। उनका कहना है कि यदि बिक्री किसी और के भरोसे छोड़ दी जाए तो कारोबार प्रभावित हो सकता है। शुरुआती वर्षों में नुकसान उठाकर उन्होंने मौसम, बाजार और फसलों की मांग को समझा, जिसका लाभ आज उन्हें मिल रहा है।रमेश वर्मा के अनुसार खेती में सफलता का सबसे बड़ा मंत्र बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन करना है। वे गेहूं-धान जैसी पारंपरिक फसलें नहीं उगाते, बल्कि पूरे साल अलग-अलग फसलों की योजना बनाकर रोजाना आय सुनिश्चित करते हैं। उनके यहां पॉलीहाउस, खुले खेत और छोटी-छोटी क्यारियों में विविध फसलें लगाई जाती हैं, जिनसे प्रतिदिन हजारों रुपये की बिक्री होती है। केले के पत्ते, कड़ी पत्ता और लेमन ग्रास जैसी फसलें भी अच्छी आय देती हैं, जबकि सलाद पत्तों की कीमत ₹1,000 प्रति किलो तक मिल जाती है। वे हर दिन सुबह ऑर्डर के अनुसार फसल की कटाई कर बाजार पहुंचाते हैं और शाम को अगले दिन की तैयारी करते हैं। उनका मानना है कि छोटे किसानों को कम क्षेत्र में अधिक विविधता अपनाकर, सीधे बाजार से जुड़कर और पूरे साल उत्पादन बनाए रखकर बेहतर आय हासिल की जा सकती है।

Tags:
  • Gaon Connection
  • News
  • Hindi Videos
  • Agriculture
  • farming
  • Indian Farmers Success Story
  • agri news
  • exotic vegetables