जनधन खातों में 80,000 करोड़ रुपए से ऊपर पहुंची जमा राशि

Update: 2018-04-22 16:18 GMT
बड़ी संख्या में लोगों ने बैंक में खुलवाए हैं जनधन खाते।

नई दिल्ली। देश के सभी परिवारों को बैंकिंग सेवाओँ से जोड़ने के लिए शुरू की गई 'जनधन योजना' के खातों में कुल जमा राशि 80,000 करोड़ रुपए से ऊपर पहुंच गई है। इस वित्तीय समावेशन कार्यक्रम से अधिकाधिक लोगों के जुड़ने से इन खातों में जमा में तेजी हुई है।

वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार जनधन खाते में कुल जमा राशि 11 अप्रैल 2018 को बढ़कर 80,545.70 करोड़ रुपए हो गई थी। मार्च 2017 के बाद से इसमें निरंतर तेजी जारी है।

प्रधानमंत्री जन-धन योजना खाते उस समय भी चर्चा में आए, जब नोटबंदी के दौरान इसमें से बहुत से खातों में मोटी रकम जमा कराई गई थी।

ये भी पढ़ें-प्रधानमंत्री जनधन योजना में शामिल किये जाएंगे पेंशनरों के बैंक खाते

नवंबर 2016 के अंत में जनधन खातों में जमा रकम बढ़कर 74,000 करोड़ रुपए से अधिक हो गयी थी, जो कि उस महीने के शुरू में करीब 45,000 करोड़ रुपये थी। इस दौरान लोगों ने बड़ी मात्रा में इन खातों में 500 और 1,000 रुपए के पुराने नोट जमा किए थे। उसके बाद मार्च 2017 से पहले इन खातों में जमा में गिरावट देखी गई।

दिसंबर 2017 में जमा राशि बढ़कर 73,878.73 करोड़ रुपए जबकि फरवरी 2018 में 75,572 करोड़ रुपए और मार्च महीने में बढ़कर 78,494 करोड़ रुपए हो गये हैं। जमा राशि बढ़ने के साथ ही जनधन कार्यक्रम से जुड़ने वालों की संख्या भी बढ़ी है।

11 अप्रैल 2018 को खातों की संख्या बढ़कर 31.45 करोड़ हो गयी, जो कि 2017 की शुरुआत में 26.5 करोड़ थी। 9 नवंबर 2016 को जनधन खातों की संख्या 25.51 करोड़ रुपए थी।

(एजेंसी)

ये भी पढ़ें-जनधन खाते में आए 100 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री से मांगी मदद

Full View

Similar News