मध्य प्रदेश के किसानों को अब हर साल मिलेंगे 4,000 रुपए, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की घोषणा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए यह घोषणा की है कि उन्हें हर साल मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सालाना 4,000 रुपए दिए जाएंगे। किसानों को अभी प्रधानमंत्री किसान सम्मान के तहत सालाना 6,000 रुपए मिलते हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब सालाना किसानों को 10,000 रुपए की आर्थिक मदद मिल सकेगी।
शिवराज सरकार ने मध्य प्रदेश की 27 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव से पहले किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले मंत्री परिषद के सभी सदस्यों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में प्रदेश के 77 लाख किसानों को प्रतिवर्ष तीन किस्तों में 2,000-2,000 रुपये, कुल 6,000 रुपये प्रति किसान दिए जाते हैं।
मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला करते हुए उन्हें राज्य सरकार की ओर से प्रतिवर्ष दो किस्तों में 2,000-2,000 रुपये यानी कुल 4,000 रुपये की सम्मान राशि देने का फैसला किया है। केंद्र व राज्य सरकार की इन योजनाओं की कुल राशि अब 10,000 रुपये हो जाएगी।
मध्यप्रदेश सरकार पीएम सम्मान निधि के सभी पात्र किसानों को इस योजना का लाभ देगी। अभी राज्य में खातेदार किसानों की अनुमानित संख्या एक करोड़ है।
मध्यप्रदेश के किसानों को भाजपा का उपहार!
— BJP MadhyaPradesh (@BJP4MP) September 23, 2020
अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 6000 और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के 4000 मिला कर किसान को मिलेगी कुल 10 हजार रु प्रति वर्ष की आर्थिक मदद।
निभाएँगे हर वादा, देंगे उम्मीद से ज्यादा। pic.twitter.com/ZLDkKthsBd
शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि पहली किस्त के वितरण की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन पर की जाएगी। उस दिन मुख्यमंत्री स्वयं भोपाल से किसानों के खातों में तथा मंत्रीगण व अन्य जनप्रतिनिधि जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में राशि अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रक्रिया के विषय में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने बताया कि लाभान्वित किए जाने वाले किसानों की जानकारी किसान सम्मान निधि पोर्टल पर दर्ज रहेगी। क्षेत्र के पटवारी जानकारी का सत्यापन करेंगे। किसानों को सिर्फ एक बार क्षेत्र के पटवारी को भौतिक रूप से आवेदन देना होगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश के किसानों को सरकार पूरा सुरक्षा चक्र प्रदान कर रही है। मध्य प्रदेश सरकार एक के बाद एक किसानों के हित में फैसले ले रही है। पहले किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर फसल ऋण उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई। फिर उनके खातों में गत वर्षो की फसल बीमा राशि डाली गई।
इस कड़ी में प्रथम चरण में प्रदेश में मु.किसान कल्याण योजना प्रारंभ की जा रही है।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) September 22, 2020
इस योजना के अंतर्गत पीएम सम्मान निधि के सभी पात्र हितग्राही किसान परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में दो किश्तों में कुल 4000 रुपये का भुगतान किया जायेगा।
किसान का कल्याण मेरे जीवन का ध्येय है।
एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण देने के लिए सहकारी बैंकों को 800 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की है। किसानों को बिना ब्याज के कर्ज देने का काम जारी रहेगा। इसमें पशुपालक और मत्स्य पालकों को भी जोड़ा जाएगा। इससे किसानों को न सिर्फ खेती करने में सहूलियत मिलेगी बल्कि उनकी जरूरतें भी पूरी होंगी।