कुछ ही देर में जेल से बाहर आ जाएंगे लालू, सशर्त मिली जमानत

राजद प्रमुख लालू प्रसाद को इलाज के लिए सबसे पहले मुंबई ले जाया जाएगा, जहां उनके दिल का इलाज कराया जाएगा। तकरीबन तीन साल पहले मुंबई के एशियन हार्ट अस्पताल में लालू प्रसाद के दिल का ऑपरेशन हो चुका है।

Update: 2018-05-16 04:53 GMT
लालू प्रसाद ने बुधवार को हाईकोर्ट से मिली जमानत की औपचारिकताओं को पूरा किया। चाईबासा मामले में अंतरिम जमानत की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कोर्ट ने उन्‍हें अंतरिम जमानत ग्रांट करते हुए रिलीज ऑर्डर जारी कर दिया है। इसके पहले बेटे तेजप्रताप की शादी के लिए मिले पेरोल के बाद राजद सुप्रीमो सोमवार की रात रांची के होटवार जेल लौटे थे। जेल में उनकी दो रातें बेचैनी में कटीं। अब वे अपने इलाज के लिए छह सप्‍ताह के लिए बाहर आ जाएंगे। उनके इलाज की शुरुआत मुंबई से होगी।
बुधवार को बिहार के बहादुरपुर के राजद विधायक भोला यादव सहित लालू प्रसाद के अन्य जमानतदार कोर्ट पहुंचे। चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित मामले में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसएस प्रसाद की अदालत में बेल बांड भरे जाने की प्रक्रिया पूरी हुई। 50-50 हजार के दो बेल बांड भरे गए। इसके बाद कोर्ट ने लालू यादव के लिए रिलीज आर्डर जारी कर दिया। आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद थोड़ी देर बाद लालू यादव के रिहा किए जाने की उम्‍मीद है।
इलाज के लिए पहले जाएंगे मुंबई  
राजद प्रमुख लालू प्रसाद को इलाज के लिए सबसे पहले मुंबई ले जाया जाएगा, जहां उनके दिल का इलाज कराया जाएगा। तकरीबन तीन साल पहले मुंबई के एशियन हार्ट अस्पताल में लालू प्रसाद के दिल का ऑपरेशन हो चुका है। तब उन्हें लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ा था और पूरी तरह स्वस्थ होकर वे बाहर निकले थे। राबड़ी देवी की इच्छा पुन: उसी अस्पताल में लालू का इलाज कराने की है। अन्य बीमारियों के इलाज के लिए उन्हें बाद में दिल्ली के मेदांता या अन्य किसी अस्पताल में भर्ती कराया जा सकता है।
इन शर्तों पर मिली है जमानत
लालू प्रसाद चारा घोटाला में सजा काट रहे हैं। उनको रांची हाईकोर्ट ने इलाज के लिए छह सप्ताह की सशर्त जमानत दी है। बाहर रहने के दौरान लालू किसी राजनीतिक रैली को संबोधित नहीं करेंगे। मीडिया से बात करने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

Similar News