महाराष्ट्र : पूजा करके लौट रहे श्रद्धालुओं की बस नदी में गिरी, 12 की मौत
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में बस नदी में गिरने से 12 लोगों की मौत हो गयी। हादसे में तीन लोगों के घायल होने की भी खबर है। घायलों को कोल्हापुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार हादसा पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर में शिवाजी पुल पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री भगवान गणेश की पूजा करके वापस लौट रहे थे।
तभी पुल के करीब पहुंची बस के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और वह नदी में जा गिरी। बस में कुल 17 लोग सवार थे, जिसमें से 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। कोल्हापुर पुलिस के अनुसार दुर्घटना रात करीब 11.45 बजे हुई। बस कोंकण क्षेत्र के गणपतिपुडी गांव से पुणे की ओर जा रही थी बस पुल से करीब 45 फीट नीचे नदी में गिरी।
12 dead and 3 injured after a mini bus fell into a river in Maharashtra’s Kolhapur pic.twitter.com/IcTP5JxRuA
— ANI (@ANI) January 27, 2018
खबरों की मानें तो पुणे जाने के दौरान ही श्रद्धालुओं ने कोल्हापुर में महालक्ष्मी मंदिर की यात्रा करने की योजना बनायी थी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद एक शख्स ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंच पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने खोज और बचाव का अभियान चलाया जिसमें उनका साथ स्थानीय लोगों ने भी दिया।
ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।