मनसे कार्यकर्ताओं ने गैर मराठी कर्मचारियों पर किया हमला, सात गिरफ्तार, देखें वीडियो

Update: 2017-10-11 16:44 GMT
मारपीट का फोटो।

लखनऊ। राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे के कथित सदस्यों ने एक फैक्ट्री के गैर मराठी कामगारों पर हमला किया। पुलिस के एक अधिकारी ने आज यह जानकारी दी। क्षेत्रीय दल मनसे कुपवाड़ में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम की इकाइयों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग कर रहा है। पुलिस ने हमले के संबंध में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना कल शाम पश्चिम महाराष्ट्र में घटी थी।

एक अधिकारी ने इस बारे में बताया कि कथित तौर पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) से जुड़े कार्यकर्ताओं के एक समूह ने उत्तर के राज्यों से आने वाले कामगारों पर तब हमला किया जब वह कुपवाड़ औद्योगिक इलाके में एक फैक्ट्री में काम करके लौट रहे थे। औद्योगिक क्षेत्र में कई ढलाईखाने, चक्कियां, फैक्ट्रियां और तेल उत्पादन इकाइयां हैं।

ये भी पढ़ें- मनसे के फरमान पर पर्रिकर ने कहा: सेना के लिए दान स्वैच्छिक

इंस्पेक्टर एएम कदम ने आगे इस बाबत कहा कि पीड़ितों में से एक ने एमआईडीसी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसी के आधार पर पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। कदम ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एमएनएस की गैर मराठियों पर हमला करने की यह पहली घटना नहीं है। 2008 में भी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश और बिहार से आए कई लोगों पर हमले किए थे। सितंबर 2016 में भी एमएनएस कार्यकर्ताओं ने मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक गैर मराठी शख्स से फल की रेहड़ी न लगाने देने को लेकर मारपीट की थी।

ये भी पढ़ें- काटजू ने मनसे कार्यकर्ताओं को ललकारा, अगर दम है तो मेरे पास आओ, मैं इलाहाबादी गुंडा हूं

Similar News