प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री, राहुल गांधी ने दी पूर्वी यूपी की कमान
लखनऊ। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा दांव खेला है। प्रियंका गांधी की राजनीति में आधिकारिक तौर पर एंट्री हो गई है। प्रियंका गांधी को कांग्रेस पार्टी का महासचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। बता दें, प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में लाने की मांग कांग्रेस नेता लंबे अरसे से करते रहे हैं।
Senior Congress leader Motilal Vohra on Priyanka Gandhi Vadra appointed Congress General Secretary for Uttar Pradesh East: The responsibility given to Priyanka ji is very important. This will not only have an effect on eastern Uttar Pradesh but also other regions. pic.twitter.com/kYWCHBOEzP
— ANI (@ANI) January 23, 2019
प्रियंका गांधी के कांग्रेस में आने पर वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा ने कहा कि ''उन्हें काफी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। प्रियंका गांधी को भले पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई हो लेकिन इसका प्रदेश भर में असर पड़ेगा।'' बता दें, प्रियंका फरवरी के पहले हफ्ते में यह पद संभालेंगी।
प्रियंका गांधी इससे पहले भी राहुल गांधी की अमेठी सीट और सोनिया गांधी की रायबरेली सीट के लिए प्रचार करती रही हैं। लेकिन इससे बाहर कभी उन्होंने कांग्रेस के प्रचार कमान को नहीं संभाला। यह पहली बार है कि उन्हें कांग्रेस पार्टी में कोई पद दिया गया है। ऐसे में इसे प्रियंका गांधी की राजनीति में आधिकारिक तौर पर एंट्री कहा जा रहा है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश की बात करें तो राजनीतिक तौर पर यह बेहद अहम इसलिए भी है कि यहां की बनारस सीट से प्रधानमंत्री मोदी सांसद हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी इस क्षेत्र में खासा प्रभाव रखते हैं। ऐसे में प्रियंका के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करना और लोकसभा चुनाव में ज्यादा सीटें लाना बड़ी चुनौती होगी।