बिहार: राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव, छह यात्री घायल

घटना के पीछे की वजह एक दूसरी ट्रेन के यात्रियों का आक्रोश है। दरअसल, इससे पहले गया से हावड़ा जा रही ट्रेन को मानपुर जंक्शन पर एक घंटे से रोककर रखा गया था, क्योंकि पुलिया निर्माण में लगा क्रेन टूट जाने से ट्रैक बाधित था।

Update: 2018-05-29 05:05 GMT

सियालदह से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर गया के मानपुर स्टेशन के पास सोमवार देर रात किए गए पथराव से ट्रेन की बोगियों की खिड़की के शीशे टूट गए। पथराव के बाद अफरातफरी मच गई। इसमें आधा दर्जन यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा भी रद कर दी। हालांकि मरम्मत के बाद ट्रेन को करीब एक घंटा विलंब से 11.50 बजे रात में रवाना कर दिया गया।

घटना के पीछे की वजह एक दूसरी ट्रेन के यात्रियों का आक्रोश है। दरअसल, इससे पहले गया से हावड़ा जा रही ट्रेन को मानपुर जंक्शन पर एक घंटे से रोककर रखा गया था, क्योंकि पुलिया निर्माण में लगा क्रेन टूट जाने से ट्रैक बाधित था। यह घटना शाम सात बजे की है। आक्रोशित यात्रियों ने जंक्शन पर पथराव कर दिया। आरपीएफ के पहुंचने पर स्थिति नियंत्रित हुई। इस ट्रेन को ट्रैक क्लीयर होने के बाद रात 12 बजे के करीब चलाए जाने का निर्णय लिया गया।

इस बीच राजधानी एक्सप्रेस करीब 10.35 बजे यहां से गुजरने लगी तो वहां मौजूद आक्रोशित यात्री इस पर पत्थर बरसाने लगे। हालांकि, यह पता लगाया जा रहा है कि इसमें असामाजिक तत्वों का हाथ तो नहीं। आरपीएफ इंस्पेक्टर इसकी छानबीन कर रहे हैं।

(एजेंसी)

ये भी पढ़ें- कानपुर सेंट्रल देश का सबसे गंदा रेलवे स्टेशन, सर्वे में हुआ खुलासा


Similar News