12 सीटों पर जीता एनडीए, शिबू सोरेन, बाबूलाल और सुबोधकांत जैसे दिग्गज हारे

सभी 14 सीटों में से 11 पर बीजेपी के उम्मीदवार या तो जीत दर्ज कर चुके हैं अथवा आगे हैं। गिरिडीह की सीट पर बीजेपी की सहयोगी आजसू ने जीत दर्ज की है।

Update: 2019-05-23 15:04 GMT

लखनऊ (भाषा)। झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से 12 सीटों पर बीजेपी और उसकी सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए को 2014 के आम चुनावों में भी झारखंड में इतनी ही सीटें मिली थीं। दूसरी ओर, राज्य में मुख्य विपक्षी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष शिबू सोरेन उर्फ गुरू जी दुमका की अपनी परंपरागत सीट से, उनके महागठबंधन के सहयोगी झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी कोडरमा सीट से और रांची से कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय बुरी तरह पराजित हुए हैं।

झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल खियांग्ते ने बताया कि राज्य की 14 लोकसभा सीटों में से अधिकतर के परिणाम आ गए हैं लेकिन कुछ सीटों के परिणाम तकनीकी कारणों से घोषित नहीं किए गए हैं। सभी 14 सीटों में से 11 पर बीजेपी के उम्मीदवार या तो जीत दर्ज कर चुके हैं अथवा आगे हैं। गिरिडीह की सीट पर बीजेपी की सहयोगी आजसू ने जीत दर्ज की है। जबकि सिंहभूम की सीट कांग्रेस ने बीजेपी से छीन ली है और राजमहल की सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने पास बरकरार रखी है।

झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बीजेपी की अपनी निकटतम प्रतद्वंदी अन्नपूर्णा देवी से 4,54,764 मतों के भारी अंतर से हार गए हैं। इसी प्रकार दुमका से झामुमो के मुखिया उर्फ गुरू जी शिबू सोरेन बीजेपी के सुनील सोरेन से 43,853 मतों से हार गए हैं। राज्य की मुख्य विपक्षी झामुमो की यह हार बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि वह पार्टी के संस्थापक रहे हैं।

(भाषा से इनपुट के साथ)


Similar News