शहीद-ए-आज़म भगत सिंह का अपमान तो ना कीजिए

Update: 2016-03-25 05:30 GMT
Gaon Connection

“इग्लैंड के साथ भारत की बातचीत में भगत सिंह की लाश हमारे बीच में होगी” यह बात जवाहर लाल नेहरू ने भगत सिंह की शहादत पर कही थी। लेकिन क्या हुआ इस भावनात्मक उद्घोष का। शायद उस समय देश के आक्रोश को शान्त करने के लिए यह बयान जरूरी रहा होगा क्योंकि देश के लोगों का मानना था कि यदि कांग्रेस और महात्मा गांधी चाहते तो भगत सिंह को बचाया जा सकता था। विस्तार में न जाएं लेकिन नेहरू की संवेदना का कोई मतलब नहीं था क्योंकि आजाद होते ही कामनवेल्थ में शामिल हो गए। यह बात पुरानी हो चली।

अभी पिछले सप्ताह कांग्रेस के सांसद और मंत्री रह चुके शशि थरूर ने देशद्रोह में आरोपित और जमानत पर चल रहे जवाहर लाल नेहरू (जेएनयू) के छात्र नेता कन्हैया कुमार की तुलना भगत सिंह से कर डाली। यह बात दीगर है कि कांग्रेस ने अपने को इस बयान से अलग कर लिया। इसी तरह बहुत साल पहले इन्दिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय की सामाजिक अध्ययन की एक पुस्तक में पढ़ा था भगत सिंह को टेरेरिस्ट लिखा गया था। यह लोग सुखदेव, भगत सिंह और राजगुरू के विषय में न तो जानते हैं और न जानना चाहते हैं।  

भगत सिंह के मन में बचपन से ही आजादी की ज्वाला धधक रही थी। वह एक किसान के बेटे थे जिस परिवार को मातृभूमि से प्यार था। जिस उम्र में बच्चे खिलौने मांगते हैं, भगत सिंह ने अपने पिता किशन सिंह से बन्दूकें मांगी थीं। यह पूछने पर कि क्या करेगा बन्दूकों का, उन्होंने कहा खेत में बोऊंगा, बहुत सी उग जाएंगी। नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की तरह ही भगत सिंह ने गांधीजी के असहयोग आन्दोलन से आरम्भ किया था लेकिन बाद में पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की स्थापित हिन्दुस्तान रिवोलूशनरी रिपब्लिकन असोसिएशन में शामिल हो गए। बाद में चन्द्रशेखर आजाद और भगत सिंह ने कमान संभाली और इसका नाम हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन रखा। 

हमारे देश के लोग भगतसिंह जैसे क्रांतिकारी वीरों के विषय में अधिक नहीं जानते और इन देशभक्तों का अक्सर अपमान किया करते हैं। देशवासियों को यही सिखाया गया है कि अहिंसा ने आजादी दिलाई है। अभी हाल में कांग्रेस के नेता शशि थरूर ने जेएनयू के छात्र नेता कन्हैया कुमार की तुलना भगत सिंह से कर दी। आखिर ढिठाई की भी सीमा होनी चाहिए। 

आजकल लोग आजादी आजादी चीख कर गला फाड़ते हैं लेकिन आजादी का मतलब नहीं जानते, कुछ लोग जिहाद के नाम पर खूनखराबा करते हैं लेकिन जिहाद के माने नहीं जानते। एक ही कारण है कि ऐसे लोगों को बचपन में उनके परिवारों ने सही रास्ता नहीं बताया। लेकिन भगतसिंह की क्रान्ति का उद्देश्य था अंग्रेजों को भगाकर ऐसी व्यवस्था का निर्माण जिसमें जाति, धर्म और लिंगभेद न हो। यदि किसी निरपराध को मारना ही होता तो असेम्बली में लाशें बिछा सकते थे और भाग जाते। उनका लक्ष्य था सोए हुए भारतीयों की नींद भगाना और वह काम उन्होंने बखूबी किया।

अब समय आ गया है कि हमारे स्कूलों में, कालेजों और विश्वविद्यालयों में सही अर्थों में क्रान्तिवीरों की कहानी बताई जाय, उसे ना तो गांधी-नेहरू से जोड़ा जाय और ना ही मार्क्स और लेनिन से। इन सब से वे प्रभावित रहे थे लेकिन उनका चिन्तन मिलेगा उनके लेखों और बयानों में जो समाज को बताए नहीं जाते। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की शहादत का दिन 23 मार्च है।

sbmisra@gaonconnection.com

Similar News