यूपी: कन्नौज में महिलाओं के लिए बना पिंक शौचालय, मोबाइल चार्जिंग के साथ बच्चों के खेलने का भी होगा इंतजाम
पिंक शौचालय के लिए 3.92 लाख का बजट आया था। राज्य वित्त और 14वें वित्त से मिलाकर करीब साढ़े छह लाख से शौचालय तैयार हुआ है।
उत्तर प्रदेश के शहरों में महिलाओं के लिए जल्द ही पिंक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसकी शुरूआत कन्नौज जिले से हो भी चुकी है। यहां पर महिलाओं के लिए पिंक शौचालय का निर्माण कराया गया है। जिसका शुभारंभ 25 मई को किया जाएगा। ये शौचालय कई सुविधाओं से लैस होगा और इसका लाभ नि: शुल्क मिलेगा। नगर पालिका परिषद कन्नौज के अध्यक्ष शैलेंद्र अग्निहोत्री बताते हैं, ''कि पिंक शौचालय के लिए 3.92 लाख का बजट आया था। राज्य वित्त और 14वें वित्त से मिलाकर करीब साढ़े छह लाख से शौचालय तैयार हुआ है। 25 मई को इसका शुभारंभ कराया जाएगा।'' शैलेन्द्र आगे बताते हैं कि ''पुरूष इस शौचालय का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। नगर क्षेत्र के अलावा महिला यात्री भी नि:शुल्क रूप से लाभ उठा सकते हैं।'' इस शौचालय में कर्मचारी महिला रहेंगी।