Gaon Bazaar Episode 10: बिना गारंटी ₹20 लाख तक का बिजनेस लोन कैसे मिलेगा?
देश में स्वरोज़गार और छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार कई योजनाएँ संचालित कर रही है। इन्हीं में से एक है प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY), जिसके तहत छोटे कारोबार शुरू करने या पहले से चल रहे व्यवसाय का विस्तार करने के लिए बिना किसी गिरवी के बिज़नेस लोन उपलब्ध कराया जाता है। यह योजना ख़ास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जिनके पास अच्छा व्यापारिक विचार तो है, लेकिन पूँजी की कमी के कारण वे अपना काम शुरू नहीं कर पा रहे हैं।वर्ष 2015 में शुरू की गई यह योजना आज लाखों छोटे उद्यमियों के लिए वित्तीय सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। किराना दुकान, मेडिकल स्टोर, सैलून, मोबाइल रिपेयरिंग, डेयरी, मशरूम उत्पादन, पोल्ट्री, फूड प्रोसेसिंग और कृषि से जुड़े कई व्यवसायों के लिए इस योजना के तहत आसान शर्तों पर ऋण दिया जाता है। हालाँकि, यह सुविधा केवल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए है और व्यक्तिगत ख़र्चों के लिए इसका उपयोग नहीं किया जा सकता।
