AAP में अगले महीने हो सकते हैं नवजोत सिंह सिद्धू

Update: 2016-07-29 05:30 GMT
AAP में अगले महीने हो सकती है नवजोत सिंह सिद्धू की ताज़पोशी

नई दिल्ली। BJP से अलग होने के बाद अगले महीने नवजोत सिंह सिद्धू AAP यानि आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। 52 साल के पूर्व क्रिकेटर सिद्धू BJP में लंबे समय तक रहे। उन्होंने अरोप लगाया था कि पार्टी ने निजी हितों के लिए उन्हें पंजाब से दूर रहने के लिए कहा। AAP सूत्रों के मुताबिक़ सिद्धू अगले महीने पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल हो जाएंगे।

मुमकिन है कि वो अगस्त के दूसरे सप्ताह में पार्टी में शामिल हों। पंजाब में अगले साल के विधानसभा चुनाव से पहले वो AAP में एक स्टार प्रचारक के तौर पर शामिल होंगे। AAP पंजाब में सत्ताधारी BJP शिरोमणि अकाली दल गठबंधन और कांग्रेस को कड़ी टक्कर दे रही है। वो राज्य चुनाव में अपनी संभावना को मजबूत करने के लिए सिद्धू की लोकप्रियता भुनाना चाहती है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज्यसभा से इस्तीफा देने के सिद्धू के फैसले का स्वागत किया था और उसे एक साहसिक कदम बताया था। केजरीवाल ने उन्हें एक अच्छा आदमी भी कहा था।

हालांकि सिद्धू ने अभी तक अपनी योजना का खुलासा नहीं किया है। इस हफ्ते के शुरू में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान वो इस सवाल को टाल गए थे कि क्या वो AAP में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी पंजाब का हित होगा वो वहां खड़े होंगे।

Similar News