बिहार में बाढ़ से 61 की मौत, 31 लाख आबादी प्रभावित

Update: 2016-08-03 05:30 GMT
gaonconnection

पटना (भाषा)। बिहार में बाढ़ से 61 लोगों की मौत होने के साथ इससे अब तक 31 लाख आबादी प्रभावित हो गयी है।

आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बाढ़ के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान गोपालगंज में एक अन्य व्यक्ति की मौत के साथ अब तक इस आपदा से मरने वालों की संख्या कुल 61 हो गयी है। बिहार में बाढ़ से मरने वाले लोगों में पूर्णिया में 24, कटिहार में 15, सुपौल में 8, किशनगंज में 5, मधेपुरा में 4, गोपालगंज में 3 और अररिया एवं सहरसा 1-1 व्यक्ति शामिल हैं।

बिहार में बाढ़ के कारण प्रदेश के 13 जिलों पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, दरभंगा, मधेपुरा, भागलपुर, कटिहार, सहरसा, सुपौल, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के 69 प्रखंडों के 2274 गाँवों की कुल 31 लाख आबादी बेघर हो गयी है।

बिहार में बाढ़ से 1.61 लाख हेक्टयर में लगी फसल की क्षति हुई है और 3.78 लाख लोग 460 सरकारी राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। बाढ़ प्रभावित इलाके में बीमार लोगों के इलाज के लिए 175 मेडिकल टीमों की प्रतिनियुक्ति की गयी है तथा बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत और बचाव कार्य के लिए सुपौल, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं पटना जिला के दीदारगंज में NDRF की एक-एक टीम और खगड़िया, सीतामढ़ी, पूर्णिया, भागलपुर, मधुबनी और मधेपुरा में SDRF की एक-एक टीम की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के बीच 193196 खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित किए गए हैं। बिहार में गंगा नदी भागलपुर जिला के कहलगाँव में, घाघरा नदी सिवान जिला के बरौली और गंगपुर सिसवन में, बागमति नदी बेनिबाद में, कमलाबलान मधुबनी जिला के झंझारपुर में, कोसी नदी खगड़िया जिला के बलतारा और कटिहार जिला के कुरसैला में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

Similar News