दुनिया में सबसे लंबे समय तक शादीशुदा रहे भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत

Update: 2016-10-03 16:04 GMT
दुनिया में सबसे लंबे समय तक शादीशुदा रहे भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत

लंदन (भाषा)। दुनिया में सबसे लंबे समय तक चली शादी का रिकॉर्ड रखने वाले ब्रिटेन के एक भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत हो गई। अपने 111वें जन्मदिन से महज छह हफ्ते पहले यहां के एक अस्पताल में 110 वर्षीय करमचंद की मौत हो गई।

करमचंद और उनकी 103 वर्षीय पत्नी करतारी ने पिछले साल ही अपने विवाह की 90वीं वर्षगांठ मनाई थी। उनके परिजनों के मुताबिक इस दंपति के बीच कभी भी झगड़ा नहीं हुआ था। वे पश्चिमी यॉर्कशायर में ब्रेडफोर्ड के निकट गिरलिंगटन में स्थित घर में रहते थे। उनके साथ उनका बेटा पॉल भी रहता था। पॉल ने कहा, ‘‘उनकी मौत से हम बहुत दुखी हैं, ज्यादा लोग इस उम्र तक नहीं पहुंच पाते।''

करमचंद का जन्म 1905 में पंजाब के एक किसान परिवार में हुआ था। करतारी के साथ उनका विवाह 1925 में हुआ था। वे 1965 में ब्रेडफोर्ड आ बसे थे। उनके आठ बच्चे, 27 नाती-पोते और दर्जनों पड़नाती-प़डपोते हैं। अपनी लंबी उम्र का राज बताते हुए करमचंद ने एक बार कहा था, ‘‘मनचाहा खाएं और पिएं लेकिन संतुलित रहकर।''

उनकी शादी 90 साल 291 दिन तक चली। हालांकि इसे सबसे लंबी शादी का विश्व रिकॉर्ड माना जाता है लेकिन गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे कभी भी आधिकारिक तौर पर मान्यता नहीं दी।

Similar News