पुलिस का दावा,परफ्यूम एक्सपर्ट मोनिका घुर्डे की हत्या से पहले हुआ था बलात्कार

Update: 2016-10-12 17:50 GMT
मोनिका घुर्डे (फाइल फोटो)

पणजी। गोवा में सेलिब्रिटी परफ्यूमर मोनिका घुर्डे की हत्या के मामले में बेंगलुरु से एक पूर्व सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। उस पर पीड़िता से दुष्कर्म का भी आरोप लगा है। पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय राजकुमार ने पूछताछ के दौरान दुष्कर्म की बात स्वीकार की है।

मोनिका घुर्डे पिछले गुरुवार को सनगोल्डा गांव में अपने तीन बेडरूम के अपार्टमेंट में मृत मिली थी। उनके शरीर पर कपड़े नहीं थे और उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत गला घोंटने से होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने बताया कि राजकुमार ने घुर्डे को बिस्तर से बांध दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। राजकुमार ने उनके पर्स से चार हजार रुपये तथा एक एटीएम कार्ड भी चुरा लिया था।

उसने घुर्डे पर अपना एटीएम पिन बताने का दबाव बनाया, जिसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बेंगलुरू से पूर्व सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार किया, जब वह पीडि़ता के एटीएम कार्ड से पैसे निकाल रहा था। राजकुमार पहले उसी अपार्टमेंट में काम करता था, जहां पीडि़ता रहती थी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने की घुर्डे की शिकायत के बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। राजकुमार को मंगलवार को एक स्थानीय दंडाधिकारी ने छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

Similar News