अखिलेश का विकास सिर्फ विज्ञापनों तक सीमित है: कलराज

Update: 2016-12-10 16:52 GMT
कलराज मिश्र, केंद्रीय मंत्री

लखनऊ (भाषा)। केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने आज उत्तर प्रदेश की SP सरकार पर आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और जिन विकास कार्यों के दावे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कर रहे हैं, वे केवल विज्ञापनों तक सीमित हैं।

कलराज ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में जिस तरह की राजनीतिक परिस्थितियां बन रही हैं, उन क्रिया कलापों से जनता त्रस्त हो गयी है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। विकास कार्य केवल विज्ञापनों तक सीमित हैं।'' उन्होंने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर उन्नाव में हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘जहां कहीं भी निर्माण कार्य हो रहे हैं, सड़कों का लोकार्पण हो रहा है, सड़कें ध्वस्त हो जा रही हैं।''

कलराज ने कहा, ‘‘अगर देखा जाए तो अखिलेश सरकार के समय विज्ञापनों में तो काफी कार्य होता नजर आ रहा है लेकिन प्रत्यक्ष धरती पर कोई कार्य नहीं हुआ है।'' उन्होंने कहा कि लूट, हत्या, डकैती, मां बहनों की इज्जत से खिलवाड़ आम बात हो गयी है। ‘‘महिलाओं के सम्मान की रक्षा तो दूर, पिता के सामने बेटी का बलात्कार होता है और राज्य सरकार के मंत्री को यह कहने में भी संकोच नहीं होता कि इसमें राजनीति की जा रही है।''

कलराज का इशारा बुलंदशहर और राज्य के अन्य जिलों में हुई गैंगरेप की घटनाओं और उन पर राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री के बयान की ओर था। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ने कहा कि जब सत्ताधारी दल में अंतर्कलह चल रही हो तो प्रशासनिक उद्दंडता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब परिवर्तन के लिए मन बना चुकी है क्योंकि उसे भरोसा है कि BJP ही कानून व्यवस्था दुरुस्त कर भ्रष्टाचार समाप्त कर सकती है। सुशासन के साथ विकास कर सकती है।

Similar News