चित्रकूट में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, सात लड़कियां गिरफ्तार

Update: 2016-11-05 14:59 GMT
चित्रकूट में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़। प्रतीकात्मक फोटो

बांदा (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड की धर्मनगरी चित्रकूट के कर्वी में पुलिस ने एक एनजीओ के सहयोग से सेक्स रैकेट का खुलासा किया। पुलिस ने एक मकान में छापा मार कर शुक्रवार को देह व्यापार में लिप्त सात लड़कियों, दो युवकों और सेक्स रैकेट की संचालिका को गिरफ्तार किया। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को दी।

एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के सहयोग से बस स्टैंड कर्वी के पास बदनाम गली में एक किराए के मकान में पुलिस टीम ने शुक्रवार को छापा मार कर देह व्यापार में लिप्त सात लड़कियों, दो युवकों- सुशील सिंह व आनंद सिंह और संचालिका ममता को गिरफ्तार किया गया है।
दिनेश पाल सिंह पुलिस अधीक्षक

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लड़कियां ज्यादातर नाबालिग हैं और बेहद गरीब घराने की हैं। पुलिस के अनुसार, संचालिका लड़कियों को शॉर्टकट में ज्यादा रकम कमाने का लालच देकर बुलाती थी और उन्हें देह व्यापार के धंधे में उतार देती थी।

उधर, ऊंटी (तमिलनाडु) की संस्था 'फ्रीडम फर्म' की महिला कर्मचारी ज्योति और डेनजी ने बताया कि उनकी संस्था इलाहाबाद में काम कर रही है। एक महीने से लगातार चित्रकूट जिले में नाबालिग लड़कियों से वेश्यावृत्ति कराने की शिकायतें मिल रही थीं।

संस्था के दो महिला समेत चार कर्मचारी एक सप्ताह से मुख्यालय व आस-पास इसकी निगरानी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को एसपी से मिलकर छापेमारी करने की मांग की गई। पुलिस व संस्था कर्मचारियों ने मिलकर मिशन को अंजाम दिया।



Similar News