यूपी सहित दिल्ली और बिहार में शीतलहर का असर, तापमान में गिरावट

Update: 2016-12-26 11:22 GMT
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में किसी तरह के खास बदलाव की उम्मीद नहीं जताई है।

नई दिल्ली (आईएएनएस)। यूपी समेत दिल्ली और बिहार में शीतलहर का असर है, कोहरे की वजह से आम जनजीवन पर इसका असर पड़ा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में किसी तरह के खास बदलाव की उम्मीद नहीं जताई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह कोहरा छाया हुआ है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग

वहीं उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में सोमवार सुबह से ही शीतलहर का प्रकोप है। पूर्वाचल व पश्चिमी उप्र में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

बर्फीली हवाओं की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड में इजाफा हुआ है। मैदानी इलाकों में अभी शीतलहर का प्रकोप और बढ़ेगा। दिसम्बर के अंतिम सप्ताह के बाद हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं। बारिश के बाद ठंड और बढ़ेगी।
जेपी गुप्ता, निदेशक, उप्र मौसम विभाग

गुप्ता के अनुसार, सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है। लखनऊ के अतिरिक्त बनारस का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, कानपुर का 10.3 डिग्री, गोरखपुर का 12.3 डिग्री, इलाहाबाद का 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में सुबह धुंध

बिहार में राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह कोहरा छाया हुआ है। पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है, ''आने वाले एक-दो दिनों में दिन चढ़ने के बाद धूप निकलेगी और रात और सुबह के समय कोहरा दिखेगा। इस बीच तापमान में मामूली गिरावट आएगी।''

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार, भागलपुर में सोमवार का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री, गया का 11.3 डिग्री तथा पूर्णिया का 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पटना का सोमवार का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। पटना का रविवार को अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री, गया का 27.5 डिग्री, भागलपुर का 27.7 डिग्री और पूर्णिया का 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Similar News