जम्मू-कश्मीरः आरएस पुरा में भारतीय और पाकिस्तानी फौजों के बीच गोलाबारी जारी, 6 लोग घायल

Update: 2016-10-27 09:02 GMT
पाकिस्तानी फौजियों द्वारा दागे गये मोर्टार के पार्टस दिखाता आदमी।

जम्मू (आईएएनएस)। जम्मू जिले के आरएस पुरा सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर गुरुवार को भारतीय और पाकिस्तानी फौजों के बीच भारी गोलाबारी जारी है। गोलाबारी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत 6 लोग घायल हुए हैं। पाकिस्तान की तरफ से रातभर मोर्टार भी दागे गए। पुलिस सूत्रों ने बताया, ''पाकिस्तानी रेंजर्स ने आरएस पुरा सेक्टर में सीमा सुरक्षाबल (BSF) की चौकियों पर 82एमएम मोर्टार दागे जिसके बाद भारतीय जवान भी समान क्षमता के हथियारों से हमला कर रहे हैं।''

पाकिस्तान की तरफ से जो मोर्टार दागे गए, उनमें से एक आरएस पुरा सेक्टर के अब्दुलियन के एक घर पर गिरा। इसी मोर्टार हमले में 6 लोग घायल हो गए। रातभर फायरिंग होने के बाद गुरुवार को सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर गोलीबारी रुकी। इस फायरिरंग में BSF की 14-15 चौकियों को नुकसान पहुंचा है। लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान अब्दुलियन में हुआ।

आरएस पुरा और अरनिया सेक्टर में मंगलवार से पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग की जा रही है। मंगलवार को सुबह दस बजे शुरू हुई गोलीबारी बुधवार सुबह तक चलती रही थी। BSF ने पाक रेंजर्स की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया था, जिसमें पाकिस्तान के तीन रेंजर्स मारे गए थे और पाकिस्तानी रेंजर्स की 5-6 चौकियां भी पूरी तरह तबाह हो गई थी।

Similar News