रामनरेश यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने शोक जताया 

Update: 2016-11-22 12:47 GMT
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ।

लखनऊ (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव के निधन पर राज्य के राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव (89 वर्ष ) का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। रामनरेश यादव मध्य प्रदेश के राज्यपाल भी रहे थे। लंबे समय से बीमार चल रहे यादव को सांस लेने में दिक्कत के बाद 18 नवंबर को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को उनके गृह जिले आजमगढ़ में किया जाएगा।

रामनरेश यादव के निधन की खबर मिलने के बाद लखनऊ स्थित मॉल एवेन्यू आवास पर उनके समर्थकों और रिश्तेदारों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया है।

मध्य प्रदेश के राज्यपाल के तौर पर रामनरेश यादव का कार्यकाल सितंबर में समाप्त हुआ था। वह मध्य प्रदेश के व्यापमं घोटाले में नाम आने के बाद से विवादों में थे।

रामनरेश यादव आजमगढ़ जिले के फूलपुर तहसील के आंधीपुर गाँव के निवासी थे। वह 1977 में जनता दल की सरकार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद आठ सितंबर, 2011 को वह मध्य प्रदेश के राज्यपाल बने और आठ सितंबर, 2016 को उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था।

रामनरेश ने हमेशा ही गरीबों एवं मजदूरों के लिए आवाज उठाई। ईश्वर उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
राम नाईक राज्यपाल उत्तर प्रदेश (निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा)

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी रामनरेश के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने भी रामनरेश यादव के निधन पर गहरा शोक जताया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री शिवराज ने ट्वीट कर यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया और श्रद्घांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार व उनके समर्थकों को इस आघात को सहन करने की शक्ति मिले।
ज्ञात हो कि यादव आठ सितंबर, 2011 को मध्य प्रदेश के राज्यपाल बने और आठ सितंबर, 2016 को उनका कार्यकाल समाप्त हुआ। वह मध्य प्रदेश के व्यापमं घोटाले में नाम आने के बाद से विवादों में थे।


Similar News