कश्मीर में तीन बार हुई अशांति में 223 लोगों की मौत: सरकार

Update: 2017-01-30 20:10 GMT
फोटो प्रतीकात्मक

जम्मू (भाषा)। सरकार ने सोमवार को विधानसभा को बताया कि कश्मीर में 2008, 2010 और 2016 में फैली अशांति के दौरान 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी।

मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने लिखित जवाब में सदन को बताया कि घाटी में पिछले साल कानून और व्यवस्था में आए व्यवधानों में 76 नागरिक और दो पुलिसकर्मी मारे गए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में 101 लोगों की मौत हो गई और सुरक्षा बलों सहित 4288 अन्य घायल हो गए। महबूबा ने बताया कि 2008 में 46 लोगों की मौत हो गई और सुरक्षा बलों सहित 1265 अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2016 में 8587 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिसमें से 8473 लोगों को 21 जनवरी तक रिहा कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा जम्मू कश्मीर जन सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत 522 लोगों पर मामला दर्ज किया गया और हालिया अशांति में 1978 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया जिसमें 21 जनवरी तक 265 लोग हिरासत में थे।


Similar News