महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव की मतगणना जारी, बीएमसी में शिवसेना ने बढ़त बनाई, भाजपा दूसरे नंबर पर 

Update: 2017-02-23 12:24 GMT
महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका ।

मुंबई (भाषा)। महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) पर कब्जा जमाए रखने के लिए प्रयासरत शिवसेना को शुरुआती रुझान में बढ़ता मिल रही है जबकि भाजपा दूसरे नंबर पर है। महाराष्ट्र के 10 नगर निगमों और 25 जिला परिषदों के लिए मतगणना हो रही है।

राज्य चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि 227 सदस्यीय बृहन्मुंबई नगर निगम में शिवसेना 24 सीटों पर और भाजपा 13 सीटों पर आगे चल रही है, कांंग्रेस पांच सीटों पर और मनसे एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

पुणे नगर निगम में भाजपा 11 सीटों, राकांपा पांच सीटों पर जबकि पिम्परी-चिंचवाड नगर निगम में शिवसेना चार और राकांपा, भाजपा दो-दो सीटों पर आगे हैं।

पूरे महाराष्ट्र की 25 जिला परिषदों और 283 पंचायत समितियों, बीएमसी समेत 10 नगर निकायों के लिए 10 दस बजे मतगणना शुरू हो गई। सबकी निगाहें 227 सदस्यीय बृहन्मुंबई नगर निगम पर टिकी हुई हैं जहां पर सत्तारुढ़ भाजपा और शिवसेना के बीच इस चुनाव में कड़ी टक्कर है।

आज घोषित होने वाले परिणाम में 10 नगर निगमों, 25 जिला परिषदों और 283 पंचायत समितियों के 5,777 सीटों पर कुल 21,620 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। इन सीटों के लिए दो चरणों में मतदान हुआ था।

मंगलवार को 10 नगर निगमों के लिए हुए चुनाव में करीब 56 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मुंबई नगर निकाय बीएमसी के लिए रिकार्ड करीब 55 प्रतिशत मतदान हुआ था। मुंबई के अलावा ठाणे, उल्हासनगर, नासिक, पुणे, पिम्परी-चिंचवाड, शोलापुर, अकोला, अमरावती और नागपुर के नगर निगमों के लिए भी मतदान हुआ था। इसके अलावा जिला परिषदों और पंचायत समितियों में 69 प्रतिशत मतदाताओं ने मत डाले थे।

विपक्षी पार्टी कांग्रेस, राकांपा और मनसे एवं एआईएमआईएम जैसे अन्य दलों को पीछे छोड़ते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में उनकी पार्टियों ने जमकर प्रचार किया। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 2,275 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है।

Similar News