बीएमसी चुनाव में दोपहर दो बजे तक 31 फीसदी मुम्बई के मतदाताओं ने किया मतदान 

Update: 2017-02-21 17:18 GMT
महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका ।

मुंबई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में मंगलवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी), 11 जिला परिषदों तथा 118 पंचायत समितियों सहित 10 महानगरपालिकाओं के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। अपराह्न दो बजे तक मुंबई के 92 लाख मतदाताओं में से 31 फीसदी मतदाता मतदान कर चुके थे। शुरुआती दौर में मतदान करने वालों में राजनीतिज्ञ व बॉलीवुड के दिग्गज भी शामिल हैं।

बृहन्मुंबई नगर निगम सहित ठाणे, पुणे तथा नासिक तथा 11 जिला परिषदों तथा 118 पंचायत समितियों के लिए मंगलवार को मतदान हो रहा है। निकाय चुनाव को मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के लिए विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है।

चुनाव से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

देश की आर्थिक राजधानी में हो वाले निकाय चुनाव में अमूमन मतदाता उत्साह नहीं दिखाते हैं, लेकिन अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार फिजा बदली है, दोपहर बाद मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है।

बीते चार कार्यकाल से बीएमसी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना गठबंधन का कब्जा है। चालू वित्तवर्ष (2016-17) के लिए बीएमसी का 37,052 करोड़ रुपए का बजट है। इसके मुकाबले, गोवा का बजट पिछले साल 14,700 करोड़ रुपए का था।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा कि ठाणे, उल्हासनगर, नासिक, पुणे, पिंपरी-चिंचवाड, सोलापुर, अमरावती, अकोला तथा नागपुर में पहले कुछ घंटों के दौरान औसत 18 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

राज्य में निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है। पहले चरण का मतदान 16 फरवरी को हुआ था।

बृहन्मुंबई के 227 पार्षदों के चुनाव के लिए कुल 7,304 मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए कई क्षेत्रों के दिग्गज पहुंचे। कुल 2,275 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। राज्य के निर्वाचन आयुक्त जे.एस. सहरिया सुबह-सुबह अपने परिवार के साथ मतदान करने मतदान केंद्र पर पहुंचे।

दोपहर में मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरूपम, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार, मुंबई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष सचिन अहीर, नगर पालिका आयुक्त अजय मेहता, महापौर स्नेहल अंबेकर तथा लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष मनोहर जोशी वोट डालने पहुंचे।

मुख्यमंत्री फड़णवीस तथा उनकी पत्नी अमृता ने नागपुर में मतदान किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भावत ने भी नागपुर में ही मतदान किया।

राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार, उनकी बेटी सुप्रिया सुले, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे तथा मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरूपम ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

मतदान केंद्र पर बॉलीवुड की रेखा, रणबीर सिंह, अनुष्का शर्मा, श्रद्धा कपूर, गुलजार जैसी फिल्मी हस्तियों सहित टेलीविजन धारवाहिकों के कलाकार तथा मराठी फिल्मों के स्टार भी मतदान करने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचे।

कुल 3.77 करोड़ मतदाता 17,331 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। ये सभी 5,512 सीटों पर अपना भाग्य आजमा रहे हैं। कुल 10 महानगर पालिकाओं के 1,268, 11 जिला परिषदों के 2,956 तथा 118 पंचायत समितियों के 1,288 सीटों पर मतदान हो रहे हैं।

मतदान के नतीजे की घोषणा 23 फरवरी को

राज्यभर में मतदान के लिए 43,160 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दोनों चरणों के मतदान की नतीजे की घोषणा गुरुवार को की जाएगी।

चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना, कांग्रेस, राकांपा तथा मनसे सहित कई प्रमुख पार्टियों ने अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। इसके अलावा, समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), ऑल इंडिया मजलिए-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन सहित क्षेत्रीय व स्थानीय समूहों ने चुनाव मैदान में अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

शादी करने जा रहे कोलाबा के अंकित लेंदे तथा परेल के महेश नावले ने शादी करने से पहले मतदान किया। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने दोनों दूल्हों का स्वागत किया और उनकी प्रशंसा की।

Similar News