जनधन खातों से पिछले पखवाड़े 3,285 करोड़ रुपए निकाले गए

Update: 2017-01-01 17:11 GMT
प्रधानमंत्री जनधन योजना।

नई दिल्ली (भाषा)। जनधन खाताधारकों ने पिछले पखवाड़े 3,285 करोड़ रुपए की निकासी की है। नवंबर में नोटबंदी के बाद इन खातों में भारी राशि जमा हुई थी। वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 7 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में जनधन खातों में जमा 74,610 करोड़ रुपए के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई। उसके बाद यह नीचे आने लगी। नोटबंदी प्रक्रिया समाप्त होने से दो दिन पहले यानी 28 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में यह घटकर 71,037 करोड़ रुपए रह गई।

उल्लेखनीय है कि जनधन खातों दुरुपयोग को रोकने के लिए जनधन खातों से निकासी की ऊपरी सीमा 10,000 रुपए प्रतिमाह तय की गई है। इसके बावजूद पिछले पखवाड़े में इन खातों से 3,285 करोड़ रुपए निकाले गए। जनधन खातों में जमा की उपरी सीमा 50,000 रुपए है। 9 नवंबर को 25.5 करोड़ जनधन खातों में कुल जमा 45,636.61 करोड़ रुपए थी।

गत 8 नवंबर को 500 और 1,000 का नोट बंद करने की घोषणा के बाद इन खातों में जमा में एक महीने में 28,973 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ। दिलचस्प तथ्य यह है कि शून्य जमा वाले जनधन खातों की संख्या अभी भी करीब 24.13 प्रतिशत पर स्थिर है।

प्रधानमंत्री जनधन योजना को अगस्त, 2014 में शुरू किया गया था। जनधन खातों में जमा के मामले में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है, उसके बाद पश्चिम बंगाल व राजस्थान का नंबर आता है।

Similar News