लखनऊ (भाषा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भले ही लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं को वोट हासिल करने का जरिया मान रहे हों, BJP का मानना है कि भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता SP सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
BJP के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने हाल ही में शुरु की गयी ‘डायल 100' योजना पर तंज कसते हुए कहा कि अपराध का ग्राफ लगातार चढ़ रहा है और इस योजना पर जो 2000 करोड़ रुपये खर्च किये गये, उनका उपयोग पुलिस बुनियादी ढांचा मजबूत करने में किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि लखनउ-आगरा एक्सप्रेसवे मुख्यमंत्री के लिए कोई जादू नहीं करेगा क्योंकि राज्य की जनता ने पांच साल खराब कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार झेला है और इन्हीं मुद्दों पर वोट पड़ेंगे।
मौर्य ने दावा किया कि मोदी ने विकास के वायदों को पूरा किया है और उत्तर प्रदेश में भी जनता BJP को वोट देगी क्योंकि उसे भरोसा है कि पार्टी वायदे पूरे करती है। SP और BSP की ओर से नोटबंदी को लेकर केंद्र सरकार पर किये जा रहे हमलों पर उन्होंने कहा कि दोनों ही दल सबसे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। साथ ही आरोप लगाया कि मायावती ने गरीबों से वोट खरीदने के लिए काले धन का इस्तेमाल किया जबकि सपा ने बूथ कैप्चरिंग के लिए इसका इस्तेमाल किया।
मौर्य ने कहा कि अब दोनों दलों के बीच कोई विवाद नहीं है क्योंकि विवाद काले धन के बंटवारे को लेकर था। केंद्र के कड़े कदम के बाद दोनों दलों की लडाई खत्म होती दिखती है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी देश के लिए वरदान साबित होगी। यदि प्रधानमंत्री की 90 वर्ष से अधिक उम्र की मां बैंक के बाहर लाइन में लग सकती है तो अन्य लोग क्यों नहीं। इस फैसले का जनता ने समर्थन किया है।
मौर्य ने कहा कि SP को हम अपना मुख्य प्रतिद्वंद्वी मानते हैं। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जबर्दस्त जीत होगी और हमें 300 से अधिक सीटें जीतने की उम्मीद है। हम राज्य को सपा और बसपा से मुक्त कराएंगे। BJP सुशासन और विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगी।