हिंसा, प्रदर्शनों ने ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह का मजा किरकिरा किया, 217 गिरफ्तार 

Update: 2017-01-21 15:09 GMT
इस दौरान छह पुलिस अधिकारी घायल हो गए और 200 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

वाशिंगटन (भाषा)। अमेरिकी राष्ट्रपति के रुप में डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन और झड़पें हुईं। असामाजिक तत्वों ने एक वाहन में आग लगा दी और लगभग आधा दर्जन स्टोर क्षतिग्रस्त कर दिए। इस दौरान छह पुलिस अधिकारी घायल हो गए और 200 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प के बाद वाशिंगटन में कम से कम दो पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया। कार्यकारी डीसी पुलिस प्रमुख पीटर न्यूशेम ने बताया कि पुलिस अधिकारियों को लगी चोट जानलेवा नहीं हैं। वे मामूली रुप से घायल हुए हैं। 217 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

यहां कल तड़के से ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा थे। वे नए ट्रंप प्रशासन की कथित विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रहे थे। अमेरिका में न्यूयॉर्क, सिएटल, डलास, शिकागो और पोर्टलैंड समेत कई शहरों में ट्रंप विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं।

Similar News