जानिए देश में अब कहां- कहां है बीजेपी और कांग्रेस की सरकार ?

Update: 2018-12-17 12:59 GMT

लखनऊ। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद देश में सियासी समीकरण बदल गए हैं।  छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई। इसके साथ ही भारत के नक्‍शे में बीजेपी का कुनबा कम हो गया है। छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश के नतीजे बीजेपी अलाकमान के लिए चौंकाने वाले रहे हैं। इन नतीजों का फर्क 2019 के आम चुनावों में नजर आ सकता है। तीन राज्यों में परचम लहराने वाली कांग्रेस के लिए भी राहत की ख़बर है क्योंकि एनडीए विरोधी मोर्चा बनाने में जुटी कांग्रेस अभी तक कम राज्यों में उपस्थिति के चलते बैकफुट पर थी, ये नतीजों क्षेत्रीय दलों के मोलभाव की गुंजाइश कम करेंगे।

चलिए आपको बताते हैं कहां है बीजेपी की सरकार और कहां है कांग्रेस का राज

राजस्थान (Rajasthan)- राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजों ने भी बीजेपी को झटका दिया। 199 सीट वाले राजस्थान में कांग्रेस को 99 सीटें मिली। वहीं, बीजेपी को 73 सीटों पर संतोष करना पड़ा। कांग्रेस ने यहां अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) को मुख्‍यमंत्री बनाया है। साथ ही सचिन पायलट (Sachin Pilot) को उप मुख्‍यमंत्री का पद मिला है। 

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh)- छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव (2018) में कांग्रेस को 90 सदस्यीय विधानसभा में से 68 सीटें हासिल हुई हैं। कांग्रेस ने यहां भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) को राज्‍य की कमान सौंपी है। विधानसभा चुनाव के दौरान भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे। 

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh)  15 सालों तक बीजेपी के पूर्ण बहुमत वाली सरकार रही। शिवराज सिंह चौहान ने मुखमंत्री के रूप में हैट्रिक मारी लेकिन 11 दिसंबर 2018 को आए नतीजे उलटफेर वाले रहे। मध्य प्रदेश में 231 विधानसभा सीटे हैं जिनमें से 230 पर चुनाव होते हैं, जबकि एक सीट यहां एंग्लो इंडियन के लिए आरक्षित हैं। इनमें से 114 पर कांग्रेस तो वहीं 109 पर बीजेपी के प्रत्‍याशी जीते। कांग्रेस ने कमल नाथ को मध्य प्रदेश की कमान सौंपी है। विधानसभा चुनाव के दौरान कमल नाथ ( KamalNath ) मध्य प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष थे। 

उत्तर प्रदेश- 403 विधानसभा और 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। और हिंदूवादी फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं।

बिहार- 243 विधानसभा सीटों और 40 लोकसभा सीटों वाले बिहार में जेडीयू और बीजेपी गठबंधन की सरकार है। जेडीयू के मुखिया नीतीश कुमार 27 जुलाई 2017 से मुख्यमंत्री हैं।

पंजाब- 117 विधानसभा और 13 लोकसभा सीटों वाले पंजाब में वर्तमान में कांग्रेस की सरकार है। वर्ष 2017 से कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री हैं। वो बीजेपी और अकालीदल की गठबंधन वाली सरकार को हराकर मुख्यमंत्री बनें। यहां पर दूसरी बड़ी पार्टी आम आदमी पार्टी है।

उत्तराखंड- 71 विधानसभा और 5 लोकसभा सीटों वाले पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार है। और त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री हैं।

हिमाचल प्रदेश- 68 विधानसभा सीट और 4 लोकसभा सीटों वाले इस पहाड़ी राज्य में बीजेपी का शासन है। और जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री हैं।

झारखंड- झारखंड में विधानसभा की 82 सीटे हैं, जिनमें से 81 पर चुनाव होता है, जबकि एक विधायक नॉमिनेटड होता है। 14 लोकसभा सीटों वाले झारखंड में बीजेपी की सरकार है और रघुबर दास मुख्यमंत्री हैं। वो प्रदेश के पहले गैर आदिवासी मुख्यमंत्री भी हैं।

पश्चिम बंगाल- 295 विधानसभा सीटों वाले पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पार्टी की सरकार है और दीदी के नाम से मशहूर ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं। यहां पर लोकसभा की 42 सीटें है। 20 मई 2011 को ममता बनर्जी पहली बार मुख्यमंत्री बनीं और वो लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री हैं। पश्चिम बंगाल में भी एक एग्लो इंडियन विधायक होता है, जो नॉमिनेट होता है।

दिल्ली- देश राजधानी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में लोकसभा की 7 सीटे हैं। 70 विधानसभा सीटों वाली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाली हैं। वो लगातार दूसरी बार इस केंद्र शाषित राज्य के मुख्यमंत्री हैं।

तेंलगाना- 119 विधानसभा सीटों वाले देश के नए राज्य तेंलगाना में लोकसभा की 17 सीटें हैं। तेलंगाना में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के संस्‍थापक के. चंद्रशेखर राव राज्य के पहले मुख्यमंत्री थे। 2 जून 2014 को आंध्रप्रदेश से अलग होकर बने इस राज्य के दूसरे विधानसभा चुनाव में एक बार फिर के. चंद्रशेखर राव की वापसी होती दिख रही है।

आंध्र प्रदेश- आंध्र प्रदेश में तेलगूं देशम पार्टी की सरकार है। चंद्रबाबु नायडू मुख्यमंत्री थे। कुछ समय पहले तक नायडू एनडीए के सहयोगी थे, लेकिन वर्तमान समय में राहुल गांधी के साथ मिलकर एनडीए विरोधी मोर्चे के अगुवा हैं। और विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की कोशिश में हैं। आंध्र प्रदेश में विधानसभा की कुल 175 सीटे हैं।

त्रिपुरा- लेफ्ट का गढ़ रहे त्रिपुरा में बड़ा उलटफेर करते हुए 2018 में बीजेपी ने अपनी सरकार बनाई। 25 साल से यहां लेफ्ट का शासन था। 60 में से 59 सीटों में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी क 43 सीटें मिल थीं, जबकि कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) को 16 सीटें मिलीं थीं। बिप्लव देव त्रिपुरा के वर्तमान मुख्यमंत्री हैं।

ये खबर अपडेट हो रही है

Similar News