अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमले के बाद देश भर में हाईअलर्ट, पीएम ने जताया दुख

Update: 2017-07-10 23:15 GMT
अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमला। फाइल फोटो : साभार इंटरनेट

नई दिल्‍ली। हिज्बुल कमांडर बुरहान वानी की पहली बरसी पर आतंकियों ने अमरनाथ यात्रियों को निशाना बनाया है। हमले में लगभग सात श्रद्धालुओं के मारे जाने की खबर है। वहीं कई श्रद्धालु घायल हैं। अमरनाथ यात्रियों पर हमले के बाद देश भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पीएम मोदी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया।

हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि अमरनाथ यात्रा से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने इस बाबत सरकार व सेना को आगाह किया था। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा में चूक पर सवाल उठने लाजमी ही हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार आतंकियों ने अनंतनाग जिले के बालटाल समेत दो अन्य स्थानों पर हमला किया। बालटाल में श्रद्धालुओं से भरी एक बस के ऊपर हमला किया गया था, जिसमें सबसे ज्यादा यात्री हताहत हुए।

संबंधित खबर : जम्मू कश्मीर : अमरनाथ यात्रियों पर बड़ा आतंकी हमला, 6 तीर्थयात्रियों की मौत की ख़बर

बताया जा रहा है कि बस बालटाल से मीर बाजार की तरफ जा रही थी। इसी बीच रात्रि 8: 20 पर आतंकियों ने बस पर फायरिंग शुरू कर दी। बस में सवार 6 श्रद्धालुओं की मौत की खबर है, जबकि 7 श्रद्धालु घायल हुए हैं। अन्य जगहों पर हुए हमले में भी एक श्रद्धालु के मरने की सूचना है। मरने वालो में पांच महिलाएं हैं। मृतक गुजरात के बताए जा रहे हैं। जिस बस पर हमला हुआ है वो श्राइन बोर्ड में रजिस्टर्ड भी नहीं है। बस के साथ कितनी सुरक्षा व्यवस्था थी, इसकी भी जांच जारी है।

इस हमले के बाद एहतियात के तौर पर जम्मू-श्रीनगर हाईवे को बंद किया गया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हमले के तुरंत बाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती व राज्यपाल से बातचीत की।

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Similar News