कोलंबिया में आये भूस्खलन से मृतकों की संख्या में बढ़ोत्तरी

Update: 2017-04-04 13:37 GMT
कोलंबिया में भूस्खलन ।

मोकोआ (एएफपी)। दक्षिणी कोलंबिया में आये भूस्खलन में मृतकों की संख्या 270 से अधिक पहुंच गई है जिसमें 43 बच्चे शामिल हैं। इस बीच कोलंबियाई सरकार ने आज दक्षिणी कोलंबिया के मोकोआ शहर में आर्थिक आपातकाल की स्थिति की घोषणा की।

कोलंबिया के राष्ट्रपति जुआन मैनुएल सांतोस ने कहा, ‘‘हमारे पास उन लोगों की संख्या है जिनकी दुर्भाग्य से मृत्यु हो गई है।'' राष्ट्रपति ने शुक्रवार को आये भूस्खलन से प्रभावित जगह का फिर से दौरा किया। उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक की जानकारी के अनुसार 273 लोगों की मौत हो गई है और 262 घायल हुये हैं।'' इससे पहले उन्होंने कहा था कि मृतकों में कम से कम 43 बच्चे शामिल हैं।

सांतोस, रात में सैन्य छावनी रुके और आज आपातकालीन प्रतिक्रिया पर समन्वय जारी रखेंगे। राष्ट्रपति ने फिर से भूस्खलन आने के खतरे को खारिज करते हुये कहा कि पुनर्निर्माण का काम शुरु किया जाएगा। लेकिन साथ में उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि देश को जून तक बारिश के मौसम का सामना करना पड़ेगा।

सांतोस ने राहत कार्यों की निगरानी करने के लिए लगातार तीन दिन आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने राहत कोष को जल्द से जल्द जारी करने के लिए आर्थिक आपातकाल की स्थिति की घोषणा की। शुक्रवार को भूस्खलन आने के बाद भारी बारिश होने से तीन नदियों में बाढ आ गई थी और इसके बाद क्षेत्र में चारों तरफ मलबा नजर आ रहा है।

Similar News