राहुल गांधी के समर्थन में इस्तीफों का सिलसिला जारी, एससी विभाग के प्रमुख नितिन राउत ने पद छोड़ा

राउत से पहले कांग्रेस के कई सचिवों, प्रदेश इकाई के नेताओं, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और पार्टी के दूसरे संगठनों के कई पदाधिकारियों ने गांधी के समर्थन में इस्तीफे दिए थे।

Update: 2019-07-01 10:05 GMT
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ नितिन राउत (फाइल फोटो)

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के बाद इस्तीफे पर अड़े राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेताओं के इस्तीफों का सिलसिला जारी है। अब पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख नितिन राउत ने अपने पद इस्तीफा दे दिया है।

राउत ने अपने त्यागपत्र में कहा, "राहुल जी, आपने हमें जवाबदेही का रास्ता दिखाया है। मैं 2019 के चुनाव के नतीजों की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं और अपना इस्तीफा पेश करता हूं। उन्होंने गांधी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कहा कि एससी विभाग की टीम ने पूरी मेहनत की, हालांकि नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। इसकी समीक्षा की जाएगी।"

राउत से पहले कांग्रेस के कई सचिवों, प्रदेश इकाई के नेताओं, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और पार्टी के दूसरे संगठनों के कई पदाधिकारियों ने गांधी के समर्थन में इस्तीफे दिए थे। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद 25 मई को हुई पार्टी कार्य समिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि कार्य समिति के सदस्यों ने उनकी पेशकश को खारिज करते हुए उन्हें आमूलचूल बदलाव के लिए अधिकृत किया था। इसके बाद से गांधी लगातार इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। 

इसे पढें- राहुल गांधी इस्‍तीफे पर अड़े, कांग्रेस के 51 सांसद भी नहीं मना पाए 

Similar News