यूपी में बीजेपी का मिशन 2019 तेज, फिर से शुरू किया गया बंद पड़ा सदस्यता अभियान

Update: 2017-05-08 19:23 GMT
सदस्यता अभियान पर बीजेपी ने रोक लगा दी थी (फोटो: विनय गुप्ता)

लखनऊ। भाजपा ने यूपी में सरकार बनते ही सदस्यता अभियान पर रोक लगा दी थी। हालांकि रोक लगने के बावजूद भी बड़ी संख्या में लोग भाजपा के सदस्य बनना चाहते हैं जिसको देखते हुए निकाय चुनाव से पहले भाजपा एक बड़ा सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है।

भाजपा के सदस्यता अभियान से जुड़ने के लिए 18002661001 नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर मिस कॉल करके आप भाजपा का सदस्य बन सकते हैं। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने मिस कॉल के जरिए सदस्यता अभियान शुरू किया था, उसी तर्ज पर दोबारा अभियान का आगाज किया गया है। भाजपा निकाय चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले खुद को मजबूत करने के लिए तैयारी कर रही है।

भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने ये घोषणा की थी। उन्होंने कहा है कि बहुत जल्द ही भाजपा की सदस्यता दोबारा शुरू की जाएगी। अगले एक- दो दिन में मिस कॉल का नया नंबर आ जाएगा जिसके जरिये भाजपा में नया सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। इसके बाद में 18002661001 नंबर जारी कर दिया गया है। इस नंबर पर कॉल करने के बाद एक एसएमएस प्राप्त होता है। इस एसएमएस पर इच्छुक व्यक्ति को अपनी डिटेल भेजनी होगी। इसके बाद में सदस्यता की औपचारिकता पूरी हो जाती है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने बताया कि हमारा सदस्यता अभियान दोबारा शुरू हो चुका है। मिस कॉल के लिए नंबर भी जारी हो गया है। इस नंबर पर लोग केवल मिस कॉल कर के ही बीजेपी के बहुत ही आसानी से सदस्य बन सकते हैं।

12 करोड़ तक पहुंच चुकी है भाजपा की सदस्यता

भाजपा का दावा है कि वह दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है। भारतीय जनसंघ से बदल कर 1984 में भाजपा बनी थी। इसके बाद में अब 2017 में 33 साल बाद बीजेपी के देशभर 12 करोड़ सदस्य हैं। 14 राज्यों में भाजपा की अपनी और तीन राज्यों में सहयोगियों के साथ सरकार बनी है। कुल 17 राज्यों में भाजपा की सरकार बन चुकी है। ऐसे में साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर के भाजपा केंद्र की सत्ता पर दोबारा काबिज होना चाहती है। इसको लेकर ये नया सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है।

Similar News