उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, पारा पहुंचेगा 47 डिग्री के पार

Update: 2017-05-15 11:09 GMT
अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।

लखनऊ (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एवं अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप है। मौमस विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नही है और अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।

उत्तर प्रदेश के मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को दिन में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज किए जाने का अनुमान है। लोगों को धूप से बचने और दोपहर में संभव हो तो बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है। लखनऊ के अतिरिक्त सोमवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 26.4 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का 27 डिग्री सेल्सियस, झांसी का 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Similar News