सलमान खान ने दाढ़ी कटवाने से किया इनकार तो पत्नी ने जला दिया चेहरा

Update: 2017-06-03 15:18 GMT
अस्पताल में भर्ती पति सलमान खान।

अलीगढ़। आधुनिक लाइफस्टाइल के चक्कर में एक पत्नी ने अपने ही पति पर खौलता हुआ पानी उड़ेल दिया। पति गंभीर रूप से झुलस गया और अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया है।

मामला यूपी के अलीगढ़ का है, जहां एक मुस्लिम महिला नगमा खान ने अपने पति सलमान खान के ऊपर केवल इसलिए खौलता पानी डाल दिया क्योंकि वह अपनी दाढ़ी शेव नहीं कर रहा था। महिला चाहती थी कि पति शेव करके 'स्मार्ट' बन जाए। महिला के खिलाफ पति की हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।

अलग विचारों के कारण होते थे झगड़े

अलीगढ़ के 32 साल के सलमान खान की शादी 6 महीने पहले ही 25 साल की नगमा खान से हुई थी। जानकारी के मुताबिक, दोनों की सोच अलग-अलग थी, जिससे झगड़े होते थे। सलमान धार्मिक सिद्धांतों को मानने वाला है औऱ उसी के अनुसार जिंदगी जीना चाहता था। दूसरी तरफ उसकी पत्नी नगमा आधुनिक सोच वाली महिला है और मॉडर्न तरीके से जिंदगी बसर करना चाहती थी। सबसे बड़ी तकरार सलमान की ढाढ़ी को लेकर थी। नगमा चाहती थी कि सलमान अपनी दाढ़ी को शेव करा ले। वह यह भी चाहती थी कि सलमान कुर्ता पायजामे की बजाए पैंट-शर्ट पहने।

20 फीसदी तक जला

शुक्रवार को भी इन्हीं मुद्दों पर बहस होने लगी और बात काफी बढ़ गई। गुस्से में नगमा ने सलमान पर खौलता पानी डाल दिया। इस वजह से सलमान का चेहरा 20 फीसदी तक जल गया। सलमान ने बताया कि हमारे बीच बहस हुई। जिसके बाद मैं सोने चला गया और नगमा ने मेरे चेहरे पर खौलता पानी डाल दिया। लोग मुझे हॉस्पिटल लेकर आए।

हत्या के प्रयास में केस दर्ज

अलीगढ़ के एसपी (क्राइम) आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सलमान ने पुलिस को बताया कि वह धार्मिक इंसान है, जबकि उसकी पत्नी खुले विचारों की है। सलमान ने कहा कि बहस के बाद वह सोने चला गया और नगमा ने तभी खौलता पानी चेहरे पर डाल दिया।

देश-दुनिया से जुड़ी सभी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करके इंस्टॉल करें गाँव कनेक्शन एप

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Similar News