महाराष्ट्र में बारिश से प्रभावित किसानों को राहत, 5380 करोड़ रुपए मंजूर

Update: 2019-11-25 12:42 GMT

महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक गहमागहमी के बीच किसानों के लिए राहत देने वाली ख़बर है। दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले देवेंद्र फडणवीस ने बारिश से प्रभावित किसानों के लिए 5380 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। महाराष्ट्र में भारी बारिश के चलते सोयाबीन, अंगूर, उड़द मक्का, कपास की फसल को भारी नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान 21 अक्टूबर को हुई बारिश से हुआ, जिसमें मराठवाड़ा के सूखे जिलों में भी खेतों में जलभराव हो गया था।

इससे पहले 29 अक्टूबर को उस समय कार्यकारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के मुख्य सचिव से कहा था कि वह जल्द से जल्द बेमौसम बारिश के कारण फसलों को पहुंचे नुकसान का आकलन शुरु करें ताकि किसानों को तत्काल राहत प्रदान की जा सके। सूत्रों के मुताबिक, उनकी ओर से तीन दिन पहले यह रिपोर्ट सीएम को सौंपी गई थी। इसी के बाद यह राहत पैकेज घोषित किया गया है। 

कुछ दिनों पहले ही केंद्र से दो सदस्यीय दल बारिश से नुकसान का जायदा लेने नाशिक और मराठवाड़ा पहुंचा था। बताया जा रहा है मुख्य सचिव ने ही तीन दिन पहले नवनियुक्त मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम अजित पंवार को ये रिपोर्ट सौंपी थी, जिसके बाद राहत पैकेज का ऐलान किया गया। सियासी उठापटक के बीच 23 नवंबर की सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम अजित पवार के साथ सोमवार को ये बैठक की।

महाराष्ट्र में सितंबर से शुरु हुई बारिश का सिलसिला नवंबर के पहले हफ्ते चल चला है जिससे खरीफ की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। सोयाबीन और कपास जैसी फसलों के नुकसान के बाद कई किसानों ने आत्महत्या की है। 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक 68 किसानों ने आत्महत्या की थी।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार ही प्रदेश में करीब 55 लाख 22 हजार हेक्टेयर में फसल का नुकसान हुआ था, जिसमें सोयाबीन, ज्वार, बाजरा, धान, तूर, कपास और बाजरा शामिल हैं। फसल बर्बादी के पंचनामों में देरी से किसान काफी नाराज थे।

संबंधित ख़बर यहां पढ़ें-  महाराष्ट्र: 55 लाख हेक्टेयर से ज्यादा फसल बर्बाद, किसानों को मुआवजे का इंतजार

Similar News