किसानों के लिए बहुत काम के हैं ये मोबाइल एप

Update: 2017-05-23 09:49 GMT
किसान के लिए ऐप।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज भी बड़ी संख्या में किसान भाई परंपरागत खेती कर रहे हैं। जबकि कई किसान ऐसे हैं जो खेती-किसानी की जानकारियों में अपडेट रहकर कृषि क्षेत्र में नई-नई कामयाबी हासिल कर रहे हैं। कोई गन्ने के साथ-साथ टमाटर की खेती कर रहा है तो कोई छोटी मगर कमाल की मशीनों का अपने खेती में उपयोग कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमा रहा है।

बड़ी बात यह है कि किसान आज तेजी से सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिये खेती-किसानी की जानकारी बटोर रहे हैं और उन्हें अपनी खेती में उपयोग कर मोटा मुनाफा भी कमा रहे हैं। आईये आज हम अपने किसान भाईयों को खेती-किसानी से जुड़े ऐसे 5 मोबाइल एप के बारे में बताते हैं, जो न सिर्फ उन्हें कृषि क्षेत्र की सही जानकारी देंगे, बल्कि खेती से जुड़े उनके सवालों का उपाय भी बताएंगे।

एम किसान मोबाइल एप

एम किसान मोबाइल एप किसान भाईयों के लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकता है। ऐसा कहना इसलिये है क्योंकि इस मोबाइल एप के जरिये किसान खेती-किसानी से जुड़े अपने किसी भी तरह के सवालों का जवाब किसान विशेषज्ञों से पा सकते हैं। किसान विशेषज्ञों की सही सलाह से किसान अपनी फसलों में बेहतर उत्पादन के साथ-साथ ज्यादा मुनाफा भी कमा सकते हैं।

ये भी पढ़ें : जानिए किस तरह किसानों के लिए मददगार साबित हो रहें खेती संबंधित मोबाइल ऐप

इतना ही नहीं, किसान इस एप के जरिये लाइव विशेषज्ञों से बात भी कर सकते हैं। किसानों के लिए इस मोबाइल एप को डैक पुणे की मदद से कृषि एवं सहकारिता विभाग द्वारा विकसित किया गया है। यह मोबाइल एप किसान भाई एमकिसान पोर्टल पर पंजीकरण कर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा एककिसान इंडिया नाम से गूगल प्ले स्टोर से भी डाउनलोड किया जा सकता है।

एग्री पोर्टल

इस मोबाइल एप से भारत में किसान व्यापारी और किसान बिना किसी शुल्क के नवीनतम मूल्यों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह एप मंडी में कीमत पता लगाने के लिए बेहद उपयुक्त एप है और इसका किसानों समेत अन्य सभी लोगों द्वारा भी उपयोग किया जा सकता है। इस एप के डाउनलोड करने से किसानों को कृषि बाजार में उतार-चढ़ाव के बारे में जानकारी मिलती है। यह मोबाइल एप हिन्दी, गुजराती और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है। जल्द ही यह मोबाइल एप तेलगू, तमिल और बंगाली में भी उपलब्ध होगा।

ये भी पढ़े : हाईटेक किसान : देश में 70 हज़ार किसान ऐप की मदद से उठा रहे सीधा लाभ

शेतकारी मासिक मोबाइल एप

शेतकारी मासिक मोबाइल एप असल में ‘‘शेतकारी मासिक'' पत्रिका है। यह पत्रिका कृषि विभाग महाराष्ट्र की ओर से पिछले 51 सालों से प्रकाशित की जा रही है। यह एक लोकप्रिय पत्रिका है। इस शेतकारी मासिक मोबाइल एप को एक बार डाउनलोड करने पर खेती-किसानी से जुड़ी आप जानकारी पा सकते हैं। अच्छी बात यह है कि एक बार डाउनलोड किये जाने के बाद इसे बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी पढ़ा जा सकता है और किसान भाई उपयुक्त जानकारी पा सकते हैं।

ये भी पढ़ें : पशुओं के पोषण में मदद करेगा ऐप

फार्म ओ पीडिया

इस मोबाइल एप के जरिये किसान अपने मिट्टी और मौसम के अनुसार उपयुक्त फसल का चुनाव, फसलवार जानकारी, अपने क्षेत्र में मौसम के बारे में और अपने मवेशियों को संभालने के बारे में जानकारी दी गई है। यह मोबाइल एप भी किसानों के लिए उपयोगी है। यह एप अभी अंग्रेजी और गुजराती भाषा में उपलब्ध है। सीडैक, मुंबई की ओर से विकसित यह एप ग्रामीणों के लिए बहुभाषी एप है।

ये भी पढ़ें : हाईटेक खेती: मोबाइल ऐप की सलाह मानकर किसानों ने की खेती, 30% बढ़ी मूंगफली की पैदावार

किसान सुविधा

किसानों के लिए एक मोबाइल एप किसान सुविधा भी बहुत उपयोगी है। इस एप के जरिये किसान अगले पांच दिनों के मौसम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा किसान व्यापारी, बाजार में कीमतों, कृषि परामर्श, पौध सरंक्षण और आईपीएम आचरण समेत कई जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। मौसम की जानकारियों के साथ निकटतम क्षेत्र में बाजार मूल्यों के बारे में इस एप के जरिये पता किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें : पशुओं की नस्ल सुधारेगा ये ऐप

ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।

Similar News