लखनऊ। डकैतों का ऐशगाह बन चुका गोमतीनगर अब एक और सनसनीखेज वारदात का गवाह बना। इस बार डकैतों ने यहां दिनदहाड़े एक रिटायर जज के घर धावा बोल दिया। डकैतों ने घर पर मौजूद जज की पत्नी को बेहोश कर गहने व नगदी लूटकर ले गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने डकैतों को खोजने के बजाएं डकैती को टप्पेबाजी की घटना बताने में जुटी। हालांकि एसएसपी का कहना है कि, पूरे मामले की जांच चल रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
ये भी पढ़ें-किसान पर एक और आफत : कीटनाशक दे रहे जानलेवा कैंसर
मूलरूप से बलिया के रहने वाले विजय बहादुर यादव गोमतीनगर के विराटखंड 1/160 में पत्नी पार्वती के साथ रहते हैं। विजय बहादुर रिटायर जज हैं और वर्तमान में वह कंप्रेटिव में चेयरमैन हैं। उनका इकलौता बेटा सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करता हैं। सोमवार को विजय बहादुर किसी काम से देवरिया गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी पार्वती थी। जबकि तीन सालों से उनके मकान में रहने वाला किरायेदार विजय यादव भी घर पर ही था।
ये भी पढ़ें-अयोध्या : रामलला की सुरक्षा के लिए 22 सालों बाद पीएसी का होगा पुर्नगठन
मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे करीब आधा दर्जन नाकाबपोश बदमाशों ने विजय बहादुर के घर धावा बोल दिया। घर पर मौजूद उनकी पत्नी पार्वती को डकैतों ने बेहोश कर दिया उसके बाद पूरा घर खंगाला। घटना के दौरान किरायेदार विजय यादव भी नहीं था। करीब एक घंटे बाद जब पार्वती को होश आया तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और लाखों के गहने व नगदी गायब थी। उन्होंने इसकी जानकारी पति को दी जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर आईजी रेंज जय नारायण सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच पड़ताल की। हालांकि पुलिस के हाथ कोई अहम सुराग नहीं मिला।
ये भी पढ़ें-कारोबारियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए यूपी में बनेगी एसएसएफ फोर्स
पीड़ित पार्वती ने बताया कि, दोपहर को वह आराम कर रही थी तभी घर की डोर बेल बजी। वह गेट खोलकर बाहर पहुंची तभी पांच लोग घर के बाहर खड़े दिखे। सभी ने उनसे खुद को कोरियर एजेंट बताया और कोरियर देने की बात कहकर गेट के अंदर आ गए। इसके बाद डकैतों ने उन्हें पकड़ लिया फिर कुछ सुंघा दिया। उसके बाद उन्हें होश नहीं रहा। वहीं पुलिस ने पूछताछ में बताया कि रिटायर जज विजय बहादुर यादव के घर पर रहने वाला किरायेदार शक के घेरे में हैं। उससे पूछताछ की गई तो उसका कहना था कि वह करीब साढ़े दस बजे बैंक गया था। वापस आने पर उसे घटना की जानकारी हुई। हालांकि पुलिस का कहना है कि पड़ताल की जा रही है और जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि, कालोनी व घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि डकैत कहीं न कहीं कैमरों में कैद जरूर हुए होंगे। जिस तरह से डकैतों ने दिनदहाड़े इस डकैती की इस वारदात को अंजाम दिया है उससे साफ है कि डकैतों को इस बात की जानकारी थी कि रिटायर जज घर से बाहर गए हुए हैं और उनकी पत्नी ही घर पर अकेली हैं।
ताजा अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करने के लिए यहां, ट्विटर हैंडल को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें।